Thursday, October 22nd, 2026

बिहार में रफ्तार का कहरः 4 की मौत से शादी में पसरा मातम, तिलक समारोह से लौट रहे पिकअप ने साइकिल सवार को कुचला

 गोपालगंज 

बिहार के गोपालगंज में रफ्तार के कहर ने 4 लोगों की जान ले ली। गोपालगंज में भीषण सड़क हादसा हुआ। तिलक समारोह से लौट रही पिकअप वैन अनियंत्रित होकर साइकिल सवार पर पलट गई। घटना में साइकिल पर सवार दो लोग और पिकअप में सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।  दो अन्य जख्मी हो गए जिनका  इलाज गोपालगंज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।  घटना फुलवरिया प्रखंड के शिवपुर ओपी अंतर्गत मिश्र बतराहा गांव की है। 

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक मीरगंज थाना क्षेत्र के कालोपट्टी गांव से तिलक लेकर पिकअप पर सवार होकर लोग उत्तर प्रदेश गए थे।  कालोपट्टी निवासी रमेश पांडे के बेटी का तिलक समारोह था। रात में लौटते समय यह हादसा हो गया।

गोपालगंज के मिश्र बतराहा  गांव के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।  पिकअप के नीचे एक साइकिल आ गई जिस पर 2 लोग सवार थे। दोनों की कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। साइकिल सवार मृतकों की पहचान बतराहा निवासी रवि कुमार 23 वर्ष और ओमप्रकाश 25 वर्ष, के रूप में हुई है।  इस घटना में पिकअप पर सवार दो लोगों की मौत हो गई जिनकी पहचान विश्वनाथ चौहान 50 वर्ष और अमरजीत चौहान के रूप में हुई है। 
 

 

#बिहार में रफ्तार का कहरः

Source : Agency

पाठको की राय