विशेष जांच टीम लखीमपुर के तिकुनिया पहुंची, घटना के दौरान बनाए गए VIDEO की तलाश
लखीमपुर-खीरी
लखीमपुर के तिकुनिया में रविवार को हुए बवाल की जांच के लिए 75 घण्टे बाद पहली बार जांच टीम मौके पर पहुंची। देश भर में सुर्खी बन गई इस घटना की जांच टीम की अगुआई एएसपी कर रहे हैं। जिसमें दो सीओ और तीन निरीक्षकों को शामिल किया गया है। टीम ने हादसे के दौरान जलाई गई गाड़ियों में सबूत खंगाले। टीम ने घटनास्थल के आसपास का निरीक्षण किया और नजदीकी लोगों से घटना की बाबत जानकारी ली। एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ मितौली संदीप सिंह और सीओ गोला संजय नाथ तिवारी ने जलाए गए वाहनों की गहन पड़ताल की। टीम ने जांच की बावत किसी तरह का खुलासा करने से इंकार किया है। जांच टीम ने बताया कि इस हाई प्रोफाइल केस से जुड़ा हर पहलू गोपनीय है। जिसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। तिकुनिया कांड में दो एफसीआर दर्ज की गई हैं। जगजीत सिंह की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र मोनू को मुख्य आरोपी बनाया गया है। जबकि हत्या का दूसरा मुकदमा घटना के चश्मदीद और हादसे में बाल बाल बचे सुमित जायसवाल मोदी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ तिकुनिया कोतवाली में दर्ज किया गया है। घटना के 75 घण्टे बाद जांच करने पहुंची टीम ने घटना से जुड़े तमाम पहलुओं का बारीकी से मुआयना किया है। जांच टीम को कोई सुराग मिला या जांच टीम अभी अंधेरे में तीर चला रही है। इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
तिकुनिया कांड के वीडियो हैं तो समिति को दें
तिकुनिया कांड की विवेचना के लिए एक समिति का गठन किया गया है। इस समिति की निगरानी में तिकुनिया कांड के दोनों मुकदमों की निष्पक्ष विवेचना होगी। समित की अगुवाई एएसपी खीरी करेंगे। इसमें दो सीओ, तीन इंस्पेक्टर और एक दरोगा को रखा गया है। पुलिस का दावा है कि इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उधर एसपी विजय ढुल ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके पास कोई वीडियो साक्ष्य है तो सोशल मीडिया पर डालने की बजाय, समिति के सामने दें। तिकुनिया कांड में आठ लोगों की मौत हुई है। इसमें चार किसान, दो भाजपा नेता, एक ड्राइवर और एक पत्रकार मारा गया है। किसानों की तरफ से जगजीत सिंह ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे आशीष मिश्रा उर्फ मोनू पर हत्या समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। वहीं भाजपा नेता सुमित जायसवाल मोदी ने अज्ञात उपद्रवी किसानों पर हत्या समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में तीसरी तहरीर पत्रकार के पिता ने निघासन पुलिस को दी गई है। जिसमें केंद्रीय मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को नामजद किया गया है। दर्ज हुए मुकदमों की विवेचना इंस्पेक्टर तिकुनिया कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि इस कांड में सही और निष्पक्ष विवेचना हो सके, इसके लिए एक समिति का गठन किया गया है। समित एएसपी अरुण कुमार सिंह की अगुवाई में गठित की गई है। इसमें सीओ मितौली संदीप सिंह, सीओ गोला संजय नाथ तिवारी, इंस्पेक्टर खीरी सियाराम वर्मा, इंस्पेक्टर विद्या राम दिवाकर, इंस्पेक्टर डीपी शुक्ला और स्वाट टीम प्रभारी शिवकुमार को रखा गया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इस टीम की अगुवाई में सही और निष्पक्ष विवेचना होगी। इस कांड में जो लोग भी लोग शामिल हैं। उनको जल्द ही चिन्हित किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। एसपी ने लोगों से जांच में सहयोग करने, वीडियो साक्ष्य कमेटी को उपलब्ध कराने की अपील की है। एसपी ने लोगों से सोशल मीडिया पर संयमित व्यवहार करने की अपील की। साथ ही कहा कि वीडियो साक्ष्य देने वाला चाहेगा तो नाम गुप्त रखा जाएगा।

पाठको की राय