Friday, October 23rd, 2026

राजधानी में हड्डी और साँस रोग के लिए विशेष अस्पताल का कार्य अप्रैल शुरू होने की संभावना

भोपाल
राजधानी में ईदगाह हिल्स स्थित टीबी अस्पताल परिसर में क्षेत्रीय श्‍वसन रोग संस्थान और हड्डी रोग का उत्कृष्टता संस्थान बनाने का काम अगले महीने से शुरू हो जाएगा। दो साल के भीतर भवन बनाकर तैयार करने की योजना है। अच्छी बात यह है कि इन दोनों संस्‍थानों में जरूरी उपकरणों के लिए भी बजट आवंटित हो गया है। जब तक भवन बनकर तैयार होगा, उपकरणों की खरीदी भी पूरी हो जाएगी। इस तरह दो साल बाद मरीजों को सुविधा मिलने लगेगी।

इसके निर्माण का जिम्‍मा संभालने वाली एजेंसी पीआईयू की अधकारियों ने बताया कि पहले प्रस्तावित जगह के ऊपर एयर रूट होने की वजह से अब टीबी अस्पताल के पीछे दोनों भवन तैयार किए जाएंगे। जगह चिन्हित किए जाने के बाद अब नए सिरे से डिजाइन तैयार करने का काम किया जा रहा है। करीब 20 दिन में यह काम होने के बाद अप्रैल के पहले हफ्ते से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

12 मीटर ऊंची इमारत में भूतल के अलावा चार मंजिल होगे। क्षेत्रीय श्‍वसन रोग संस्थान 54 करोड़ से तैयार किया जा रहा है। इसमें 42 करोड़ भवन निर्माण और 12 करोड़ रुपये उपकरणों पर खर्च होंगे। इस संस्थान में फेफड़ा ट्रांसप्लांट करने की सुविधा भी होगी। फेफड़े के कैंसर की जांच के लिए मशीन लगाई जाएगी।

हड्डी के उत्कृष्टता संस्थान में रोबोटिक सर्जरी भी होगी

क्षेत्रीय श्वसन रोग संस्थान से ही जुड़ा आर्थोपेडिक्स का उत्कृष्टता संस्थान बनाया जाएगा। इसमें 40 करोड़ रुपये भवन के निर्माण कार्य और बाकी राशि उपकरणों पर खर्च की जाएगी। पहले यह भवन हमीदिया अस्पताल परिसर में मल्टी लेवल पार्किंग के ऊपर बनाने की तैयारी थी। यह प्रदेश में हड्डी की बीमारी के इलाज का सर्वश्रेष्ठ संस्थान होगा। यहां पर रोबोटिक सर्जरी, स्पोर्ट एंजुरी का इलाज, स्पाइन सर्जरी, कूल्हा और घुटना ट्रांसप्लांट करने की सुविधा रहेगी। इस संस्थान के निर्माण कार्य की समयसीमा भी दो साल रखी गई है। यहां पर हमीदिया अस्पताल के हड्डी रोग विभाग के चिकित्सकों की सेवाएं लेने के अलावा अलग से पद सृजित किए जाएंगे।

 

#hospital

Source : Agency

पाठको की राय