बुजुर्ग की पिटाई के मामले में सपा नेता उमेद पहलवान दिल्ली से गिरफ्तार
गाजियाबाद
गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में कथित तौर पर एक बुजुर्ग के साथ मारपीट मामले में भ्रामक तरीके से फेसबुक लाइव करने के आरोपी सपा नेता उमेद पहलवान को गाजियाबाद पुलिस ने शनिवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कई दिन से उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस ने बताया कि उसे दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को मोबाइल लोकेशन के आधार पर शनिवार सुबह आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आज उसे दबोच लिया। पुलिस आरोपी को लेकर थोड़ी देर में गाजियाबाद पहुंच रही है।
जानकारी के अनुसार, मारपीट और अभद्रता के शिकार बुजुर्ग अब्दुल समद और उनके दोनों बेटों को लेकर गाजियाबाद निवासी उमेद पहलवान गायब हो गया था। परिजनों के अनुसार, उमेद पहलवान अब्दुल समद और उनके दोनों बेटों को लेकर दिल्ली जाने की बात कहकर निकला था। माना जाता है कि पुलिस का शिकंजा कसने के साथ ही वह बचता फिर रहा था।

पाठको की राय