Friday, October 23rd, 2026

सोनू सूद को हुआ कोरोना, ट्वीट कर फैन्स को दी जानकारी

मुंबई
अभिनेता सोनू सूद कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने एक ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उनके कोरोना संक्रमित होने के बाद प्रशंसक उनके लिए दुआएं कर रहे हैं। सोनू सूद ने हाल ही में अमृतसर में कोविड 19 की पहली डोज ली थी।  सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘कोविड पॉजिटिव, मूड और स्प्रिट सुपर पॉजिटिव। सभी को हाय। आपकी जानकारी के लिए है कि आज सुबह मेरा कोविड 19 टेस्ट पॉजिटिव आया है। सुरक्षा के तमाम नियमों को देखते हुए मैंने पहले ही खुद को क्वारंटीन कर लिया है और ध्यान रख रहा हूं लेकिन चिंता मत करिए। इसने मुझे अपनी समस्याओं को हल करने के लिए पर्याप्त समय दिया है। याद रखिए मैं हमेशा आप के लिए हूं।‘  
 
सभी की मदद नहीं कर पाने का अफसोस
कोरोना के मामले जब कम हुए थे तब सोनू उन प्रवासी मजदूरों के काम के जुगाड़ में लग गए थे जो घर तो पहुंच गए लेकिन उनके पास काम नहीं था। पिछले एक साल से वो लगातार कोरोना की इस मुश्किल घड़ी में लोगों की मदद करते आ रहे हैं लेकिन अब जिस रफ्तार से संक्रमितों की संख्या में रिकॉर्डतोड़ बढ़ोत्तरी हो रही है उसके आगे वो भी बेबस नजर आए। सोनू सूद ने एक ट्वीट कर कहा कि उनके पास हजारों लोगों के कॉल आ रहे हैं लेकिन सभी की मदद नहीं कर पा रहे हैं। वो बहुत लाचार महसूस कर रहे हैं।

लोगों से की ये अपील
एक ट्वीट में सोनू सूद लिखते हैं कि ‘मैं निश्चित हूं कि हम सब मिलकर अनेक लोगों की जिंदगियां बचा सकते हैं। यह समय किसी पर दोष मढ़ने का नहीं है बल्कि एक ऐसे जरूरतमंद के लिए आगे आने का वक्त है जिसे आपकी जरूरत है। कोशिश करिए उन्हें चिकित्सा संबंधी आवश्यकताएं पहुंचाईं जा सकें। चलिए मिलकर जिंदगियां बचाते हैं। हमेशा आपके लिए उपस्थित।‘

 

 

#Sonu Sood

Source : Agency

पाठको की राय