Wednesday, October 21st, 2026

मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में कुछ अराजकतत्वों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया

सुलतानपुर
जिले के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में एक गांव के पास कुछ अराजकतत्वों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मोतिगरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) तरुण कुमार पटेल ने बताया कि बाजार से कपड़ा मंगाकर मूर्ति को ढक दिया गया है तथा जल्द ही अराजकतत्वों की गिरफ्तारी की जाएगी। उनके अनुसार प्रशासन के निर्देश पर मूर्ति की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। मोतिगरपुर के अमरजीत पांडेय ने पुलिस में तहरीर दी है कि सोमवार रात कुछ अराजकतत्वों ने गांधीजी की प्रतिमा को तोड़ दिया, जिससे लोगों में आक्रोश है। पांडेय ने आरोपियों को तत्काल जेल भेजने की मांग की है। वर्ष 1996 में गांव के लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा लखनऊ-बलिया राजमार्ग के किनारे छेदुवारी गांव के पास स्थापित की थी। प्रतिवर्ष दो अक्टूबर को ब्लॉक प्रमुख और स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ ग्रामीण गांधी जयंती मनाते हुई प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महात्मा गांधी के त्याग और बलिदान को याद करते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा इस स्थल के सौंदर्यीकरण का कार्य एक-दो दिन में ही शुरू होने वाला था कि इसी बीच सोमवार की रात अराजकतत्वों ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा को पूरी तरह से खंडित कर दिया। उनके मुताबिक सिर, हाथ और बापू की लाठी को तोड़ दिया गया है। राजमार्ग से गुजर रहे कुछ लोगों ने खंडित प्रतिमा को देखकर मामले की जानकारी दी।

 

 

#statue of Father of the Nation Mahatma Gandhi

Source : Agency

पाठको की राय