Wednesday, August 19th, 2026

बिहार के सभी सरकारी ITI में लगेंगे सोलर पैनल, बिजली खर्च घटाने की तैयारी

 पटना
राज्य के सभी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सोलर पैनल लगेंगे। सोलर पैनल लगाने के प्रस्ताव पर सहमति दे दी गई है।

सोलर पैनल लगाने का उद्देश्य सभी आईटीआई में बिजली की निर्भरता और ऊर्जा खर्च को कम करना है। सौर ऊर्जा के उपयोग से संस्थानों के परिसर में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ लंबे समय में संस्थानों के संचालन खर्च को भी कम किया जा सकेगा।

मंगलवार को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी।

सभी नोडल आईटीआई में नेशनल एप्रेंटिशिप प्रमोशन स्कीम (एनएपीएएस) को तेजी से लागू कराने पर जोर दिया गया। साथ ही आईटीआई के पूर्व छात्रों को संस्थानों से जोड़ने के लिए एल्युमिनाइ एसोसिएशन गठित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सचिव कौशल किशोर एवं निदेशक रंजीत कुमार मौजूद थे।

महिला आईटीआई में पीपीपी मोड से बनेंगे छात्रावास
जिन जिलों के महिला आईटीआई में छात्रावास की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां पीपीपी मोड में छात्रावास निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है।

वहीं, जिन सरकारी आईटीआई के पास वर्तमान में अपना भवन नहीं है, उनके लिए आम लोगों से भूमि दान लेने के उद्देश्य से विज्ञापन जारी करने पर सहमति बनी। भूमि दान करने वाले व्यक्ति या उनके पूर्वजों के नाम पर संबंधित आईटीआई का नामकरण किया जाएगा।

 

 

#Solar panels

Source : Agency

आपकी राय

6 + 7 =

पाठको की राय