सोशल वैक्सीनेशन सोशल इंजीनियरिंग से समाज को लिंक करना-शिवप्रकाश
भोपाल
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति ने तय किया है कि आने वाले दिनों में पार्टी कार्यकर्ताओं को अधिकतम व्यस्त रखने के साथ उनके काम की मैपिंग कराएगी। साथ ही सरकार के साथ मिलकर समाज में सोशल और इकोनामिक वैक्सीनेशन का काम किया जाएगा। यह वैक्सीनेशन सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा देने के रूप में होगा। इसमें सरकार और संगठन की भागीदारी होगी। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि सरकार और संगठन के तथ्यपरक मामलों में झूठ बोलने वालों, अराजकतावादियों, देश विरोधियों के साथ खड़े होने वालों को जवाब देने का काम हमारे कार्यकर्ता करेंगे। इन लोगों को बूथ-बूथ पर करारा जवाब दिया जाएगा। संगठन की मजबूती के लिए तय किया गया है कि पार्टी के मंडल स्वाबलंबी बनें तथा बूथ अधिक सक्रियता से काम करें। कार्यसमिति की बैठक में आया यह सुझाव भी अमल में लाया जाएगा कि संगठन को और प्रभावी बनाने के लिए जरूरी है कि हम सभी कार्यकर्ताओं को काम दें, उनकी प्रोफाइल तैयार करें, उनके कामों की मैपिंग करें और उनकी जिम्मेदारी तय करें। इसके साथ ही कार्यकतार्ओं में मल्टीटास्किंग की क्षमता विकसित करना भी समय की मांग है।
शिवप्रकाश का सुझाव पर होगा अमल
राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने कहा था कि भाजपा को आने वाले समय में मेडिकल, सोशल और इकॉनॉमिक वैक्सीनेशन की अवधारणा को समाज से लिंक करना होगा। मेडिकल वैक्सीनेशन कोरोना वैक्सीन से संबंधित होगा तो सोशल वैक्सीनेशन सोशल इंजीनियरिंग, सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने से तथा इकॉनॉमिक वैक्सीनेशन लोगों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने से होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि हमें ये प्रयास करना है कि प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम सामूहिकता का कार्यक्रम बने। अगर बूथ के कार्यकर्ता सामूहिक रूप से बैठकर इस कार्यक्रम को सुनेंगे तो वे सामूहिक चिंतन करेंगे।
आपातकाल दिवस की 46वीं बरसी पर भाजपा ने आज आपात काल दिवस मनाकर कांग्रेस की नीतियों का विरोध जताया। इस मौके पर मीसाबंद संगठन के प्रदेश अध्यक्ष तपन भौमिक ने बताया कि आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में मीसाबंदियों का सम्मान किया गया। मीसाबंदी सेनानी संघ की ओर से सीएम शिवराज सिंह चौहान, तपन भौमिक, गिरिराज किशोर, सुरेंद्र द्विवेदी, भरत चतुर्वेदी, अरुण कुलकर्णी, सविता वाजपेयी, सुरेश द्विवेदी, मांगीलाल पोरवाल का सम्मान किया गया। जिलों में मीसाबंदियों के घर जाकर उनका स्वागत किया जा रहा है। साथ ही जिला और अन्य संगठन पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल संवाद कार्यक्रम भी रखा गया है।
अजा-अजजा वर्ग के चिंतन को लेकर बुलाई गई बैठक में इस वर्ग को साधने के लिए संगठन विस्तार में मौका दिए जाने के साथ इनके कल्याण के लिए और भी नई योजनाएं बनाए जाने पर मंथन किया जा रहा है। साथ ही इन वर्गों के लिए बनी योजनाओं में कमी पर भी गंभीरता से चिंतन होगा क्योंकि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ इन वर्गों को नहीं मिल पाता। संगठन की मदद से इन वर्ग के अन्त्योदय कैटेगरी को लाभ दिलाने के लिए अभियान चलाने पर भी चर्चा की जा रही है।

पाठको की राय