Wednesday, October 21st, 2026

बाढ़ प्रभावितों से राहत की जानकारी प्राप्त करने के लिये उन्हें विभिन्न कलरों की पर्चियां दी जायेगी

मुरैना
अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में चंबल-ग्वालियर संभाग के जिलों में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों को हुये नुकसान की भरपाई के लिये मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व की सरकार प्रभावितों को राहत राशि, खाद्यान्न सामग्री सहित अन्य संसाधन उपलब्ध करा रही है।        

चंबल संभाग के मुरैना, भिण्ड और श्योपुर जिले में अब तक 78 हजार 453 लोगों को राहत राशि दी गई है, इनमें 32 हजार 319 वे परिवार सम्मिलित है, जिन्हें 9 हजार 937 क्विंटल गेहूं का वितरण किया गया है।  

चंबल संभाग के कमिश्नर श्री आशीष सक्सेना ने बताया कि बाढ़ प्रभावितों को दी जा रही राहत राशि, खाद्यान्न सामग्री सहित अन्य उपलब्ध कराये जा रहे संसाधनों की जानकारी लेने के लिये मुरैना, भिण्ड और श्योपुर, ग्वालियर संभाग के ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिले में अलग-अलग कलरों की पर्चियां हितग्राहियों को भेजी जा रही है। इस पर्ची में बाढ़ प्रभावित हितग्राही को राहत राशि के साथ और कौन-कौन सी सामग्री एवं अन्य संसाधन उपलब्ध कराये है, की जानकारी प्रिन्ट रहेगी।

यह पर्ची जिलेवार निर्धारित कलर में तैयार करके प्रभावित हितग्राहियों को भेजी जा रही है। इस पर्ची में बाढ़ प्रभावितों को मिली राहत सामग्री की जानकारी भरकर अपने पास सुरक्षित रखेंगे।

कमिश्नर श्री सक्सेना ने बताया कि जब जांच दल बाढ़ प्रभावित लोगों से इस बात की जांच करने पहुंचंगे कि बाढ़ प्रभावितों को क्या सुविधायें, राहत आदि दी गई है, उस समय बाढ़ प्रभावित परिवार इस पर्ची को जांच दल के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। इससे यह जाहिर होगा कि किस प्रभावित व्यक्ति को कितनी राहत राशि सहित अन्य संसाधन उपलब्ध कराये है। इससे वेरिफिकेशन करने में मदद मिलेगी। यह जांच दल जिला स्तर से, राज्य स्तर से तथा केन्द्र स्तर से भी पहुंच सकते है।

ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बाढ़ प्रभावितों को दी गई राहत राशि एवं अन्य सामग्री की सूची ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर, शहरी क्षेत्र की सूची नगर पंचायत, नगर पालिका आफिस पर चस्पा की गई है, अगर सूची पर किसी को भी कोई आपत्ति हो तो वह दावे-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते है, जिन्हें मदद नहीं मिली है, वे भी मदद के लिये मांग कर सकते है।

मुरैना, भिण्ड और श्योपुर जिले के लिये गुलावी पर्चियां उपलब्ध करायी जा रही है।

 

#Slips

Source : Agency

पाठको की राय