Wednesday, October 21st, 2026

कोरोना मामलों में मामूली इजाफा, 24 घंटे में 15102 नए केस और 278 लोगों ने तोड़ा दम

नई दिल्ली
कोरोना महामारी की तीसरी लहर थम गई। देशभर में नए संक्रमितों की संख्या कम होती जा रही है। बीते 24 घंटे में यहां 15102 नए मरीज मिले। वहीं, ठीक होने वालों की संख्या इनसे दोगुनी रही। कल 31377 रिकवरी हुईं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जो आंकड़े पेश किए, वो ज्यादातर राहत देने वाले हैं।

भारत में कोरोना महामारी की स्थिति
स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 4,21,89,887 कोविड रिकवरी हो चुकी हैं। वहीं, कोविड वैक्सीनेशन का आंकड़ा 1,76,19,39,020 पहुंच गया है। कल देशभर में लोगों को वैक्सीन के 33,84,744 डोज दिए गए। इसके अलावा कोरोना से जान गंवाने वालों की बात करें तो यह संख्या 278 रही। अब तक यह आंकड़ा 5,12,622 हो चुका है।

ठीक होने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही
स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट में बताया गया कि, पिछले 24 घंटे में 278 कोरोना मरीजों ने दम तोड़ा। हालांकि, ठीक होने वालों की संख्या जान गंवाने वालों की तुलना में बहुत ज्यादा रही। यह देखते हुए सरकार कोविड-रेस्ट्रिक्शंस को कम कर रही है। खबर है कि, मध्य प्रदेश राज्य में सभी कोरोना पाबंदियों को हटा दिया गया है। इसी तरह गुजरात में भी पाबंदियां कम की गई हैं। हालांकि, अभी सार्वजनिक स्थान पर मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी रहेगा।

कुल मामले: 4,28,67,031

सक्रिय मामले: 1,64,522

कुल रिकवरी: 4,21,89,887

कुल मौतें: 5,12,622

कुल वैक्सीनेशन: 1,76,19,39,020

अब भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका से UAE जाने वाले पैसेंजर्स को एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद RT-PCR टेस्ट कराने की आवश्यकता नहीं होगी। इन 4 देशों से अबू धाबी के लिए उड़ान भरने वाले पैसेंजर्स को यात्रा नियमों में छूट दी गई है। एतिहाद एयरलाइंस ने भी ट्विटर पर इस बात की पुष्टि की है।

अमेरिका में अनिवार्य वैक्सीनेशन के खिलाफ याचिका सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को हेल्थकेयर वर्कर्स की ओर से अनिवार्य वैक्सीनेशन के खिलाफ दाखिल याचिका खारिज कर दी। याचिका में धार्मिक आधार पर वैक्सीनेशन में छूट मांगी गई थी। कुछ हेल्थकेयर वर्कर्स ने धार्मिक आधार पर वैक्सीनेशन पर आपत्ति जताई थी।

 

 

#कोरोना

Source : Agency

पाठको की राय