Thursday, October 22nd, 2026

SL vs IND: टी-20 विश्व कप टीम में जगह पाने धवन को देनी होगी काबिलियत की परीक्षा

मुंबई
टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट दिग्गज वीवीएस लक्ष्मण ने शिखर धवन को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि धवन को भारतीय टी-20 विश्व कप टीम में सलामी बल्लेबाज के विकल्प के तौर पर जगह बनाने के लिए अपनी काबिलियत की परीक्षा देनी होगी। बता दें कि धवन को श्रीलंका दौरे के लिए टीम का कप्तान बनाया गया है।

धवन भारत की वन-डे टीम के नियमित सदस्य है लेकिन टी-20 की राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए उन्हें संघर्ष करना पड़ता है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पिछले दो सत्र में शानदार प्रदर्शन के दम पर वह हालांकि रोहित शर्मा और केएल राहुल के बाद तीसरे विकल्प के तौर पर उभरे हैं। लक्ष्मण ने 'स्टार स्पोर्ट्स' के कार्यक्रम 'गेम प्लान' में कहा, 'टी-20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए शिखर धवन की सोच बिल्कुल साफ होगी कि उन्हें इस मौके का फायदा उठाना है। टीम में जगह बनाने के लिए बहुत कड़ी प्रतिस्पर्धा है।'

उन्होंने कहा, 'वह भारतीय टीम के कप्तान होने पर उत्साहित होंगे और किसी को भी अपने देश का नेतृत्व करने पर गर्व होगा। उनका ध्यान हालांकि रन बनाने और अपने स्थान को सुरक्षित करने पर होगा।' भारत के नियमित कप्तान विराट कोहली भी आईपीएल में आरसीबी के लिए पारी का आगाज करने लगे हैं, ऐसे में धवन के लिए सबसे छोटे प्रारूप की टीम में जगह बनाना और मुश्किल हो जाएगा।

लक्ष्मण ने कहा, 'टीम में रोहित शर्मा और केएल राहुल स्थापित सलामी बल्लेबाज हैं। विराट कोहली ने साफ तौर पर कहा कि वह टी-20 प्रारूप में पारी का आगाज करना चाहते हैं। ऐसे में शिखर धवन को रन बनाने ही होंगे।' धवन पहली बार राष्ट्रीय टीम का नेतृत्व करेंगे और लक्ष्मण का मनाना है कि इस खिलाड़ी को लगतार अच्छा प्रदर्शन करने का पुरस्कार मिला है। उन्होंने कहा, 'उन्हें (धवन) भारतीय टीम के लिए, खासकर सीमित ओवरों के प्रारूप में लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया जा रहा हैं। वह इस टीम में सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं।'

 

#SL vs IND

Source : Agency

पाठको की राय