Saturday, October 24th, 2026

आंध्र प्रदेश में ट्रक-डीसीएम वैन की जोरदार टक्कर, छह लोगों की मौत

विजयवाड़ा

आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में शुक्रवार को एक कंटेनर ट्रक और डीसीएम वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में छह लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना क्रुथिवेन्नु मंडल के सीतानपल्ली के पास हुई. मृतकों में दोनों वाहनों के चालक शामिल हैं. कंटेनर ट्रक पुडुचेरी से भीमावरम जा रहा था. इस दौरान वह विपरीत दिशा से आ रही डीसीएम वैन से टकरा गया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कंटेनर चालक ने लकड़ियां लदे एक ट्रैक्टर से बचने की कोशिश की और डीसीएम वैन से जा टकराया.

घटना के शिकार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. मृतकों में से पांच कोनासीमा जिले के तल्लारेवू के रहने वाले थे. डीसीएम वैन में कम से कम 10 लोग सवार थे और वे मछली पकड़ने जा रहे थे. घायलों को मछलीपट्टनम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

राज्य मंत्री कोल्लू रवींद्र ने दुर्घटना पर दुःख जताया और संबंधित अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

 

#accident

Source : Agency

पाठको की राय