Tuesday, October 20th, 2026

घर से स्कूल पढ़ाई करने को निकले शहर के छह बच्चे स्कूल छोड़कर नदी नहाने पहुंचे, एक छात्र की डूबने से मौत

कटनी
घर से स्कूल पढ़ाई करने को निकले शहर के छह बच्चे दोपहर को स्कूल छोड़कर कटनी नदी के कटाएघाट पहुंच गए। सभी नहाने के लिए नदी में उतरे और गहरे पानी में चले जाने से एक छात्र डूब गया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। एसडीआरएफ की मदद से बच्चे को खोजा गया और पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची। जहां पर जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार बरगवां का रहने वाला 14 वर्षीय हर्षित माधवनगर के डायमंड स्कूल में कक्षा नवमीं का छात्र था।

घर से स्कूल जाने के लिए निकला
सुबह वह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। दोपहर को वह अपने स्कूल के ही 5 दोस्तों के साथ कटनी नदी कटाएघाट पहुंच गया। जहां पर सभी दोस्त नहाने के लिए एनीकट के पास पानी में उतर गए। सभी बच्चे किनारे पर नहा रहे थे और हर्षित उनसे थोड़ी आगे गहरे पानी में चला गया। जहां वह डूबने लगा। आसपास की बस्ती के लोगों ने उसे डूबता देखकर बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। लोगों ने घटना की जानकारी माधवनगर पुलिस को दी।

दो घंटे की मशक्कत के बाद खोजा
घटना की जानकारी लगने के साथ ही माधवनगर थाना प्रभारी अनूप सिंह ठाकुर बल के साथ पहुंच गए और एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी। मौके पर एसडीआरएफ के जवान बाेट लेकर पहुंचे और गहरे पानी में छात्र हर्षित की तलाश शुरू की। उसके साथ नहाने गए बच्चों के बताए अनुसार नदी में बच्चे की तलाश की गई और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने बच्चे को खोज निकाला।

पुलिस ने उसे एम्बुलेंस से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर जांच के बाद चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी माधवनगर ने बताया कि बच्चे स्कूल जाने के बाद वहां से कटाएघाट पहुंचे थे या स्कूल न जाकर सीधे वहीं चले गए थे, इसकी जांच की जा रही है।

 

#Six children of the city who left home to study in school left school

Source : Agency

पाठको की राय