Friday, October 23rd, 2026

जमशेदपुर में डेंगू से हालात गंभीर; इलाज में 50 फीसदी की मिले छूट

जमशेदपुर.
राज्य के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) फिलहाल डेंगू के इलाज का खर्च आधा ही ले। उन्होंने इसपर अमल करने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को टाटा स्टील प्रबंधन को पत्र लिखने का निर्देश दिया है। वे पूर्वी सिंहभूम में महामारी का रूप ले चुके डेंगू पर नियंत्रण और इलाज को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने मरीज की बीमारी का रिकॉर्ड रख मॉनिटरिंग करने, अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी नगर निकायों को युद्धस्तर पर साफ-सफाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव करने का निर्देश दिया। दूसरी ओर, जमशेदपुर में विभिन्न लैब में डेंगू जांच की अलग-अलग दर को लेकर सिविल सर्जन को निर्देश कि दर एक ही रहे, इसे सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने डेंगू जांच की दर पूरे राज्य के लिए 300 रुपये तय की है। सभी लैब इसी दर पर जांच करें। जो ऐसा नहीं करते हैं उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें। इससे पूर्व जिला प्रशासन ने डेंगू रोकथाम के उपाए, अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या व उपचार की स्थिति के बारे में बताया। बैठक में डीडीसी मनीष कुमार, धालभूम के एसडीएम पीयूष सिन्हा, एडीसी जयदीप तिग्गा, सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, एमजीएम के अधीक्षक, निकायों के विशेष पदाधिकारी अस्पतालों के प्रबंधक शामिल हुए।

डेंगू के तीन नए मरीज मिले 42 स्वस्थ होकर घर लौटे
जिले में मंगलवार को डेंगू के 3 नए मरीज मिले हैं। ये मरीज जुगसलाई, साकची और कदमा इलाके के रहने वाले हैं। अबतक कुल 8802 संदिग्ध मरीजों की जांच में 1170 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। 217 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई का निर्देश
आईएमए के सचिव डॉ. सौरभ चौधरी और अध्यक्ष डॉ. जीसी माझी ने झोलाछाप डॉक्टर डॉक्टरों पर कार्रवाई का मुद्दा उठाया। मामले में मंत्री ने कहा कि आईएमए जिला प्रशासन को ऐसे फर्जी डॉक्टरों की सूची सौंपने और कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

 

#Situation serious due to dengue in

Source : Agency

पाठको की राय