Sunday, October 25th, 2026

सीतापुर: क्लीनिक में घुसकर डॉक्टर को तलवार से काट डाला, ताबड़तोड़ हमला कर पहले हाथ किया अलग

सीतापुर

सीतापुर में मंगलवार दोपहर बाद दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया। क्लीनिक में घुसकर एक डॉक्टर को तलवार से काट डाला गया। हरगांव थाना क्षेत्र के मुद्रासन गांव में हुई घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार जमीन बेचने को लेकर हुए लेनदेन का विवाद सामने आया है। एसपी का कहना है कि डॉक्टर की पत्नी की ओर से हरगांव थाने में केस दर्ज कराने के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया है। हरगांव थाना क्षेत्र के मुद्रासन गांव निवासी डॉक्टर मुनीन्द्र प्रताप वर्मा की क्लीनिक गांव के बाहर लहरपुर मार्ग पर है। मंगलवार को रोज की तरह डॉक्टर अपनी क्लीनिक पर मौजूद थे। पत्नी कल्पना वर्मा और मरीजों के अलावा डॉक्टर के पिता गजोधर प्रसाद वर्मा भी क्लीनिक में थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गांव का ही अच्छेलाल विश्वकर्मा आ गया। उसके हाथ में तलवार थी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, अच्छेलाल ने डॉक्टर पर तलवार से ताबड़तोड़ प्रहार करने शुरू कर दिये।

 

बीच बचाव में गजोधर प्रसाद वर्मा को भी चोटें आईं। तलवार के प्रहार से डॉक्टर का हाथ शरीर से अलग हो गया। डॉक्टर के गले पर भी वार किया गया। गला कटने के बाद अच्छेलाल भाग निकला। दुस्साहसिक वारदात के बाद अफरातफरी मच गई। खबर मिलने पर इलाका पुलिस पहुंची। तब तक डॉक्टर की मौत हो चुकी थी। जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और परिवार के लोगों के अलावा गांव वालों से भी जानकारी की। पुलिस ने कुछ ही देर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया है कि आरोपी से हुई पूछताछ में यह पता चला है कि आरोपी और डॉक्टर के बीच जमीन के लेनदेन का विवाद चल रहा था। डॉक्टर की पत्नी कल्पना वर्मा की ओर से हरगांव थाने में अभियोग दर्ज कराया गया है। विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है। अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी हत्याकांड को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि पुलिस पिकेट होने के बावजूद सरेआम ऐसी घटना भाजपा सरकार में अपराधियों के बैखौफ हौसलों को दर्शाता है।

 

#Sitapur doctor murder

Source : Agency

पाठको की राय