पूर्व उपमुखिया के बेटे को गोली से उड़ाया, पेट्रोल से शव जलाने की कोशिश
भगवानपुर अधौरा
नक्सल प्रभावित अधौरा थाना क्षेत्र के जमुनीनार जंगल में बदमाशों ने पूर्व उपमुखिया के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना गुरुवार की रात में हुई, लेकिन इसके बारे में पुलिस व परिजनों को शुक्रवार को पता चला। मृतक 22 वर्षीय जंगबहादुर पासवान उर्फ टुशु पासवान भगवानपुर थाना क्षेत्र टोड़ी गांव निवासी पूर्व उपमुखिया गुलाब पासवान का बेटा था। अपराधियों ने उसके सीने में दो गोलियों उतारी हैं। शव को पेट्रोल से जलाने की कोशिश की भी आशंका है। इस मामले में अधौरा थानाध्यक्ष मनोज बताते हैं कि दोपहर दो बजे तक परिजनों द्वारा मामले में आवेदन नहीं दिया गया है। पूछने पर उन्होंने बताया कि टुशु के बाएं सीने में दो गोलियों के निशान हैं। हालांकि मृतक के पिता का दावा है कि अपराधियों ने उनके बेटे के पेट, सीना व सिर में गोली मारी है, जिससे उसकी मौत हुई है। बाइक पर भी एक गोली मारी गई है।
पूर्व उपमुखिया ने बताया कि घटनास्थल पर बाइक का तेल गिरा था। उन्होंने आशंका जताई कि हो सकता है कि हत्या करने के बाद बदमाश उनके बेटे के शव को फूंकना चाह रहे होंगे, लेकिन मौका नहीं मिलने पर उनके द्वारा ऐसा नहीं किया गया। जिस स्थल पर शव था, उससे कुछ दूरी पर टुशु की बाइक पड़ी थी। अधौरा थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता ने बताया कि इसी वर्ष मई माह में टुशु की शादी हुई थी। पूछने पर बताया कि उसकी पत्नी ज्योति कुमारी गर्भवती नहीं है। पति की मौत की सूचना मिलने के बाद से उसकी हालत खराब है। मृतक का बड़ा भाई मंटू पासवान सूरत की एक कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है, जबकि छोटा भाई सुनील पासवान आईटीआई करके बीए में नामांकन लिया है। भगवानपुर की एक बाइक एजेंसी पर काम करता है। उन्होंने बताया कि वह खुद खेतीबारी से घर-परिवार का खर्च चलाते हैं।
पुलिस को थी टुशु की तलाश
प्रशिक्षु डीएसपी सह भगवानपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष मोहम्मद मुशीर आलम ने इस घटना की पुष्टि की है। स्थानीय थाना के पुलिस पदाधिकारी संजीव कुमार और केके सिंह का कहना है कि टुशु के खिलाफ भवानपुर थाने में शराब और मारपीट मामले का मुकदमा दर्ज है, जिसमें पुलिस को उसकी तलाश थी। वह जेल भी जा चुका है। हालांकि मृतक के पिता गुलाब पासवान ने भी स्वीकार किया उनका बेटा रोहतास जिले के करवंदिया से शराब मामले में पकड़ा गया था, जहां से पुलिस ने उसे जेल भेजा था। उन्होंने यह भी बताया कि शादी समारोह में मारपीट का एक केस भी उसपर दर्ज था।
हत्या के कारणों का खुलासा नहीं
टोड़ी गांव के टुशु की हत्या किए जाने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। लेकिन, उसकी हत्या के बाद ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं की जा रही हैं। लोग यह सवाल कर रहे हैं कि जब टुशुु घर में खाना खा लिया था, तो फिर कौन सा ऐसा जरूरी काम आ पड़ा, जिसके लिए उसे बाइक लेकर रात में घर से निकलना पड़ा? हत्या के पीछे शराब कारोबारियों का तो हाथ नहीं है? खैर, मामला जो भी हो पुलिस अनुसंधान से ही इस हत्या कांड से पर्दा उठ सकता है।
चालकों की चर्चा पर पिता को हुई आशंका
पूर्व उपमुखिया गुलाब पासवान ने बताया कि जब वह शाम में सात बजे बधार से आए तो टुशु घर पर ही था और खाना खा लिया था। वह भी खाना खाकर दलान में सोने चले गए। टुशु रात में बाइक लेकर कब घर से निकला उन्हें पता नहीं चल सका। सुबह में जब वह सड़क की ओर निकले, तो पिकअप वैन के चालक किसी युवक की जमुनीनार में हत्या किए जाने की चर्चा कर रहे थे। चालकों को चर्चा करते सुनी तो आशंका हुई। घर पर पता किया तो मालूम हुआ कि टुशु रात में बाइक से निकला था, अभी तक लौटा नहीं है। वह परिजनों व ग्रामीणों के साथ घटना स्थल पर गए। शव की शिनाख्त करते ही दहाड़ मारकर रोने लगे।

पाठको की राय