वजन घटाने के दौरान शॉर्टकट पड़ न जाए भारी
क्या आप अपना वजन घटाने के हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन यह हो नहीं पा रहा। अगर हां तो मुमकिन है कि आप अपने वजन घटाने के दौरान कुछ छोटी छोटी गलतियां कर रहे हैं। वजन घटाना कोई आसान काम नहीं है। वह भी आज के समय में जब हमारे आस पास भ्रम और गलत सूचना मौजूद हों। इसके अलावा वजन घटाने के दौरान फैड डाइट का पालन या शॉर्टकट भी हमें अक्सर भारी पड़ने लगते हैं। कुल मिलाकर आसान भाषा में अगर वजन घटाने की प्रक्रिया को समझा जाए, तो इसमें कोई एक या दो बात नहीं है। बल्कि कई छोटी - छोटी बातों को ध्यान में रखकर ही वजन घटाना संभव हो सकता है।
ऐसे में अगर आप अपना वजन घटाने के बारे में सोच रहे हैं या उस प्रक्रिया में हैं तो आपको हर उस छोटी चीज का ध्यान रखना होगा जो आपकी इस प्रक्रिया पर असर डालती है। इसलिए आज हम आपको वजन घटाने से जुड़े भ्रम और गलतियों से रूबरू कराएंगे। जिसके बाद आप समझ पाएंगे कि आखिर क्यों लोग अपने वजन घटाने के लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाते। अगर आप उन लोगों में से हैं जो आवश्यकता से अधिक एक्सरसाइज करते हैं क्योंकि आपको अधिक कैलोरी को जलाना चाहते हैं, तो यह आपके एंडोक्राइन हार्मोन को नुकसान पहुंचा सकता है। जो आपके शरीर के पूरे कामकाज को नियंत्रित करता है। हालांकि वजन घटाने के लिए आप मसल्स ट्रेनिंग और कार्डियो कर सकते हैं। ऐसा करने से आपकी ऊर्जा भी बनी रहेगी और आपका मेटाबॉलिज्म भी बेहतर होगा। वहीं अगर आप वजन घटाने के लिए एक्सरसाइज न करके केवल अपनी इनटेक कैलोरीज को ही कम कर रहे हैं, तो इससे आपके मसल्स कमजोर होंगे और आपका मेटाबॉलिज्म भी प्रभावित होगा। ऐसे में कुछ देर एक्सरसाइज जरूर करें ताकि वजन भी कम हो और मेटाबॉलिज्म भी बेहतर हो।
यह रखें ध्यान...
लो फैट डाइट आमतौर पर लोग वजन घटाने के लिए ऐसी चीजों का चुनाव करते हैं जो कि लो फैट होती है और बहुत अधिक प्रोसेस के जरिए तैयार की जाती हैं। लेकिन यह लोग नहीं जानते कि इनमें शुगर की मात्रा बहुत अधिक होती है। जिसकी वजह से आपको जल्दी - जल्दी भूख लगने लगती है। ऐसे में आप लोगों के लिए जरूरी है कि आप उन चीजों को चुनाव करें जो कम प्रोसेस्ड हों और जिनमें पोषक तत्व मौजूद हो। ताकि आपका वजन भी कम हो और आपका पेट ज्यादा समय तक भरा रहे। हम सभी जानते हैं कि वजन घटाने के लिए हमें अपनी कैलोरीज इनटेक और कैलोरीज जलाने की प्रक्रिया पर फोकस करना होता है। ऐसे में अगर आप उन चीजों का सेवन करते हैं जिनमें कैलोरीज अधिक है तो यह आपके वजन घटाने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है।
वहीं अगर आप अधिक कैलोरीज वाली सामग्री का सेवन सीमित मात्रा में करते हैं तो यह आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। वहीं अगर आप कम कैलोरीज का ही सेवन किए जा रहे हैं तो इसके जरिए आप अपने मसल्स को खाने लगेंगे और वजन घटाने की प्रक्रिया भी प्रभावित होगी। वजन घटाने की प्रक्रिया में निरंतर वजन घटता ही रहे यह जरूरी नहीं है। कई बार वजन स्थिर दिखने लगता है। महिलाओं के साथ अक्सर यह मासिक धर्म के दौरान होता है। दरअसल इस दौरान महिलाओं में हार्मोनल बदलाव होते हैं और शरीर में अधिक पानी एकत्रित होने लगता है। जिसकी वजह से वजन बढ़ सकता है। आपको बता दें कि पुरुष और महिलाओं दोनों में ही फ्लूड फ्लक्चुएशन, ब्लोटिंग और बाउल फंक्शन वजन को निर्धारित करते हैं। ऐसे में अगर आप अपना वजन घटते हुए नहीं देख रहे हैं तो मुमकिन है कि आप शरीर से फैट को कम कर रहे होंगे। इस स्थिति में अपने परिणामों को जांचने के लिए आप इंची टेप का उपयोग कर कमर को माप सकते हैं। इसके अलावा अगर आप बहुत कम कैलोरीज का सेवन करते हैं तो भी आपका वजन घटने की रफ्तार धीमी पड़ सकती है और आप अपने मसल्स खो सकते हैं।

पाठको की राय