Wednesday, October 21st, 2026

शूटर सतनाम सिंह पंजाब पुलिस की कस्टडी से भागा 

 गोरखपुर 
भाजपा नेता व पूर्व प्रधान बृजेश सिंह की हत्याकांड का शूटर सतनाम सिंह पंजाब पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया। गोरखपुर से गई क्राइम ब्रांच की टीम ने सतनाम को पकड़ लिया था। सतनाम सिंह पंजाब पुलिस की कस्टडी में था और रिमांड पर उसे गोरखपुर ले आने की तैयारी चल रही थी कि इस बीच वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस मामले में पंजाब पुलिस के दो सिपाहियों को निलम्बित भी किया गया है।

2 अप्रैल की रात गुलरिहा के नारायनपुर गांव के पूर्व प्रधान व बीजेपी नेता बृजेश सिंह की हत्या हो गई थी। रविवार को गोरखपुर एसएसपी ने साजिशकर्ता सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया था। हत्याकांड में शामिल दोनों शूटर पंजाब अमृतसर तरनतारन रोड दबिन्द्र नगर निवासी सतनाम उर्फ छिद्दू उर्फ शैलेन्द्र सिंह तथा यहीं के रहने वाले राजवीर उर्फ राजू उर्फ मलक सिंह अभी फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। दोनों की गिरफ्तारी के लिए गोरखपुर क्राइम ब्रांच की एक टीम पंजाब में डेरा डाली थी।

गोरखपुर टीम ने एक शूटर सतनाम सिंह को पंजाब पुलिस से मदद लेकर गिरफ्तार कर लिया था। पंजाब से उसे गोरखपुर ले आने के लिए गोरखपुर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी में थी। तब तक के लिए उसे पंजाब पुलिस की कस्टडी में रखा गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह पंजाब पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस मामले में पंजाब पुलिस के दो सिपाहियों की लापरवाही मानते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है वहीं उन्हें सस्पेंड भी कर दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ शूटर के हाथ से निकलने से निराश गोरखपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने एक बार उसकी तलाश शुरू कर दी है।

 

#शूटर सतनाम सिंह

Source : Agency

पाठको की राय