Tuesday, October 20th, 2026

हाईकोर्ट से पासपोर्ट रीन्यू मामले में कंगना रनौत को झटका 

 मुंबई 
कंगना रनौत का पासपोर्ट रीन्यू का मुद्दा गरमाया हुआ है। सोमवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में पासपोर्ट विभाग के वकील ने आश्वासन दिया कि वह उनके आवेदन पर ‘तेजी’ से काम करेंगे अगर वह उनमें जरूरी सुधार कर देती हैं। पासपोर्ट विभाग ने बॉम्बे हाईकोर्ट को आश्वासन दिया कि कंगना रनौत एक बार जब अपने दस्तावेजों में गलतियां सुधार लेंगी तो उसके बाद रिन्यूअल की प्रक्रिया तेजी से होगी।

वकील ने क्या कहा
क्षेत्रीय पासपोर्ट ऑफिस की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह ने कोर्ट को बताया कि कंगना के आवेदन में कई तथ्यात्मक गलतियां हैं। कंगना रनौत ने आवेदन में बताया कि उनके खिलाफ ‘आपराधिक मामले’ लंबित हैं जबकि उनके खिलाफ ‘एफआईआर’ दर्ज की गई और अभी उस मामले में आपराधिक कार्यवाही शुरू होनी बाकी है।

कंगना को करना होगा जरूरी सुधार
आगे अनिल सिंह ने कहा कि अगर कंगना के वकील रिजवान सिद्दीकी यह भरोसा देते हैं कि उनके खिलाफ आपराधिक मामला लंबित नहीं है और अगर वह अपने आवेदन में आवश्यक सुधार कर लेती हैं तो पासपोर्ट कार्यालय नियमों के अनुसार उनके रिन्यूअल के आवेदन पर तेजी से विचार करेगा। 

 

#कंगना रनौत

Source : Agency

पाठको की राय