Tuesday, October 20th, 2026

अपर्णा के BJP में जाने की अटकलों के बीच शिवपाल यादव ने दी सलाह, राजनीति में एकदम से कुछ नहीं मिलता

 लखनऊ

भाजपा के जाने की अटकलों के बीच प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने मुलायम परिवार की छोटी बहू अपर्णा यादव को सलाह दी है कि वह सपा में ही रहें और काम करें। अभी उन्हें बहुत कुछ सीखना है। शिवपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में यह बात कही। अपर्णा यादव के भाजपा में जाने संबंधी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही चर्चाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वैसे इस बारे में वही जवाब दे सकती हैं, लेकिन हमसे राय मांगी जाएगी तो हम यहीं कहेंगे कि उन्हें सपा में रह कर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में एकदम से कुछ नहीं मिलता है। पार्टी में पहले उन्हें काम करना चाहिए और फिर फल मिलता है।
 
बताते चलें कि अपर्णा यादव कई मौकों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर चुकी हैं। अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं और सामाजिक कार्य करती हैं। वह लखनऊ कैंट से सपा  के टिकट पर पिछला विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं।

अखिलेश हमारे नेता, साइकिल निशान पर लड़ेंगे हम लोग

शिवपाल ने कहा कि उन्होंने अखिलेश यादव को नेता मान लिया है और टिकट के लिए सब कुछ उन्हीं पर छोड़ दिया है। टिकट केवल जीत सकने वालों को दिया जाएगा। वह किसे देंगे वही तय करेंगे। हमारा इसमें कोई राय नहीं है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को नया चुनाव चिन्ह मिला है। समय कम है और अब इसका प्रचार जनता के बीच नहीं कर पाएंगे। इसलिए सपा के चिन्ह पर हमारे लोग लड़ेंगे। प्रसपा प्रमुख ने यह भी कहा कि भाजपा को पहले से पता था कि रैलियों पर रोक लगने वाली है। इसलिए उसने पहले रैलियां कर लीं और वर्चुअल रैलियों की तैयारी भी कर ली।

 

#अपर्णा के BJP

Source : Agency

पाठको की राय