Sunday, October 25th, 2026

शिवसेना ने कहा - 'CBI, ED और IT का ब्रांच बनेगा पेगासस', मोदी सरकार पर तंज  

नई दिल्ली
पेगासस जासूसी विवाद को लेकर शिवसेना ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तंज कंसा है। शिवसेना ने कहा है कि पेगासस CBI, ED और IT का ब्रांच बनेगा। मोदी सरकार पर हमला करते हुए शिवसेना की तरफ से कहा गया है कि 'देश की जनता देखेगी कि पेगासस सीबीआई, ईडी और इंकम टैक्स विभाग का ब्रांच बनेगा।' शिवसेना ने पेगासस विवाद को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा उठाए गए कदमों की तारीफ करते हुए कहा कि जो काम ममता बनर्जी ने किया वो काम केंद्र सरकार को करना चाहिए था। 

शिवसेना ने ममता बनर्जी की सराहना करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने पेगासस कांड की जांच के लिए एक पैनल बनाया है। दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर सजग रहना चाहिए। शिवसेना की तरफ से कहा गया है कि ममता बनर्जी ने सभी को जगाने का काम किया है। बता दें कि बीते सोमवार को ममता बनर्जी ने पेगासस जासूसी विवाद की जांच के लिए आयोग बनाने का ऐलान किया। इस आयोग में सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत जज जस्टिस मदन बी लोकुर और कोलकाता हाई कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस (सेवानिवृत) ज्योतिर्मय भट्टाचार्ज को इस कमिशन का सदस्य बनाया गया है।  

 

#शिवसेना

Source : Agency

पाठको की राय