Tuesday, October 20th, 2026

शिबू हाजरा गिरफ्तार, यौन शोषण के आरोपों पर महिलाओं का विरोध प्रदर्शन, TMC प्रतिनिधिमंडल करेगा संदेशखाली का दौरा

कोलकाता.

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले का संदेशखाली करीब एक महीने से चर्चा में है। टीएमसी नेता शाहजहां शेख, शिबू हाजरा समेत अन्य नेताओं के खिलाफ कई महिलाओं द्वारा यौन शोषण के आरोपों पर विरोध प्रदर्शन हुआ। अब बंगाल पुलिस ने शिबू हाजरा को गिरफ्तार किया है। इस बीच टीएमसी का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को संदेशखाली का दौरा करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में ममता सरकार के तीन मंत्री भी शामिल होंगे।

संदेशखाली मामले में शिबू हाजरा की गिफ्तारी बड़ी बात है। शिबू हाजरा को संदेशखाली मामले के मास्टरमाइंड शाहजहां शेख का करीबी माना जाता है। शाहजहां शेख की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उतरी महिलाओं को जब शिबू हाजरा और उनके समर्थकों ने धमकाया था तो महिलाओं ने उसके अवैध पोल्ट्री फार्म में आग लगा दी थी। अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। संदेशखाली मामले में दर्ज एफआईआर में सामूहिक दुष्कर्म की धारा जोड़े जाने के बाद शिबू हाजरा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शिबू हाजरा को नजात से गिरफ्तार किया है। शिबू हाजरा के ऊपर यौन उत्पीड़न के साथ धमकाने और जमीन कब्जाने के भी आरोप हैं। शिबू हाजरा पर आरोप है कि उसने अवैध पोल्ट्री फार्म सरकारी जमीन के अलावा ग्रामीण लोगों की जमीन पर बना रखे थे।

ED के साथ हुई थी मारपीट
बता दें कि 5 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले में संदेशखली में टीएमसी नेता शाहजहां शेख के आवास पर छापा मारा था। इलाके में शाहजहां के लोगों ने न केवल ईडी अधिकारियों को उसके घर में जाने से रोका, बल्कि शहर से लगभग 74 किमी दूर उनके साथ मारपीट भी की। शाहजहां जिला परिषद का सदस्य भी हैं। ईडी की कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं खुलकर सामने आईं और आरोप लगाया कि शाहजहां और उसके लोगों ने मछली पालन के लिए उनकी जमीन जबरन हड़प ली, कई सालों तक उन्हें प्रताड़ित किया और यौन उत्पीड़न किया। महिलाओं ने आरोप लगाते हुए कहा था, “पार्टी (टीएमसी) के लोग हर घर का सर्वे करते हैं और अगर कोई खूबसूरत महिला या लड़की होगी, तो वे उन्हें पार्टी कार्यालय में ले जाएंगे। वे संतुष्ट होने तक उस महिला को रात-रात भर वहीं रखेंगे।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शाहजहां के करीबी सहयोगी और अन्य टीएमसी नेता उत्तम सरदार और शिबाप्रसाद हाजरा इसमें शामिल हैं।

 

#Women protest#allegations of sexual exploitation#TMC delegation#visit Sandeshkhali#Shibu Hazra arrested

Source : Agency

पाठको की राय