बुमराह को लेकर रोहित शर्मा की रणनीति से शास्त्री नाखुश
नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में मुंबई इंडियंस ने अभी तक अपने प्रदर्शन से काफी निराश किया है। टीम की हालत लगातार तीन हार के बाद काफी खस्ता नजर आ रही है। रोहित शर्मा एंड कंपनी को बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पांच विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। टीम की गेंदबाजी को लेकर काफी चर्चा हो रही है और कई क्रिकेट पंडित इस पर टिप्पणी कर चुके हैं कि मुंबई इंडियंस के बॉलिंग अटैक में इस बार पुराने समय जैसी धार नहीं है। वहीं टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने कप्तान रोहित की रणनीति पर भी सवाल खड़े किए हैं। शास्त्री का मानना है कि रोहित को जसप्रीत बुमराह जैसे तेज गेंदबाज का बेहतर तरह से इस्तेमाल करना चाहिए।
स्टार स्पोर्ट्स पर शास्त्री ने कहा, 'मुझे इतना लगा कि बुमराह को इससे बेहतर तरीके से इस्तेमाल किया जाना चाहिए था। कई बार आपको उनसे उनका बेस्ट नहीं मिलता है, क्योंकि आपकी गेंदबाजी में वह गहराई नहीं होती है। तो विकेट के लिए जाने की जगह आप उन्हें डेथ ओवर तक बचा कर रखना चाहते हो। स्लॉग ओवर में इससे फर्क नहीं पड़ता कि आप बुमराह हैं या फिर कोई और, आपकी गेंद पर रन बनेंगे ही।' शास्त्री ने कहा, 'अगर बल्लेबाज इस मूड से बैटिंग करने उतरा है कि जहां गेंद मिलेगी वह पीटेगा ही, तो आप ऐसे में ज्यादा कुछ नहीं कर पाते हैं।' रवि शास्त्री का मानना है कि बुमराह का इस्तेमाल स्लॉग ओवर से पहले किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, 'आप मैच के अहम मौकों पर उनका इस्तेमाल विकेट लेने के लिए करेंगे, ना कि आखिरी तक उनके ओवर बचा कर रखेंगे। आप इसका इंतजार करेंगे कि रसेल जाए फिर बुमराह को लाएं तो कोई और काम कर जाएगा, जैसा कि इस मैच में देखने को मिला। बुमराह का इससे बेहतर इस्तेमाल होना ही चाहिए।'
पैट कमिंस ने बुधवार को 15 गेंद पर नॉटआउट 56 रन बनाए और केकेआर को 16 ओवरों में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया। कमिंस ने बुमराह और डैनियल सैम्स की गेंदबाजी पर ताबड़तोड़ शॉट्स लगाए। शास्त्री ने कहा, 'आप बुमराह जैसे गेंदबाज को पुछल्ले बल्लेबाजों के लिए नहीं बचा के रख सकते हो, क्योंकि उनमें एक-दो बड़े हिटर भी शामिल हैं। आपको उन्हें जल्दी आउट करने के बारे में सोचना होगा। समय पर विकेट लेकर विरोधी टीम पर जबर्दस्त दबाव बनाना होगा।'

पाठको की राय