Saturday, October 24th, 2026

दिल्ली कोचिंग हादसे के मृतकों के परिजनों से अस्पताल में मिले शशि थरूर, घटना को बताया शर्मनाक

नई दिल्ली.

सेंट्रल दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में यूपीएससी की तैयारी करवाने वाले राव इंस्टीट्यूट में शनिवार रात को हुए हादसे पर राजनीति जारी है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर और जेबी माथेर मृतकों के परिजनों से मिलने आरएमएल अस्पताल पहुंचे। बता दें कि 27 जुलाई को इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में पानी भर जाने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी। इस घटना को कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शर्मनाक बताया।

उन्होंने इस घटना पर शोक जताते हुए कहा कि बच्चों के सपने चकनाचूर हो गए। शशि थरूर ने कहा, "यह शर्मनाक है। इसपर कोई संदेह नहीं कि उन बच्चों के सपने अब चकनाचूर हो गए। परिवार वालों की उम्मीद भी टूट गई। यह देश के लिए और युवाओं के भविष्य के लिए बहुत दुखद है। जब किसी की जिंदगी चली जाती है तो आप क्या समाधान लाते हैं? हां, मुआवजा दिया जाना चाहिए। सबसे ज्यादा जो जरूरी है, वह यह है कि हमें यह सुनिश्चित करना पड़ेगा कि ऐसी घटनाएं फिर से न हो, जिससे किसी और को इस दुख से गुजरना न पड़े।"

अन्य नेताओं ने भी दी प्रतिक्रिया
आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। कई सारे कोचिंग सेंटर बेसमेंट में अवैध तरीके से लाइब्रेरी और क्लासेस चलाते हैं। इस घटना में शामिल सभी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं। अब दिल्ली के उप राज्यपाल की जिम्मेदारी है कि वे उनके खिलाफ कार्रवाई करें। मैं भाजपा से पूछना चाहूंगा कि वे दिल्ली के लोगों को सजा क्यों दे रहे हैं? उन्होंने पहले अधिकारियों को तबादला करने का अधिकार ले लिया और अब जब कार्रवाई की बात आती है तो वे दिल्ली के उपराज्यपाल के साथ साजिश कर रहे हैं। हम उन्हें उजागर करके रहेंगे।"

 

#Shashi Tharoor met. Delhi coaching accident family

Source : Agency

पाठको की राय