शाहरुख की ‘डंकी’ रिलीज हुई: पहले दिन एडवांस बुकिंग में 2 लाख 30 हजार टिकट बिके
मुंबई
शाहरुख खान की फिल्म ‘डंकी’ आज रिलीज हो गई है। फिल्म के देशभर में पहले दिन एडवांस बुकिंग में तकरीबन 2 लाख 30 हजार टिकट बिक चुके हैं। ये आंकड़े पीवीआर, आईनॉक्स और सिनेपोलिस के हैं, जो कि देश की टॉप 3 मल्टीप्लेक्स चेंस हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि इंडियन बॉक्स ऑफिस में फिल्म पहले दिन तकरीबन 25-30 करोड़ का कलेक्शन कर सकती है।
देश में फिल्म की एडवांस बुकिंग शनिवार 16 दिसंबर से शुरू हुई। ये पहली बार है जब शाहरुख और राजकुमार हिरानी ने एक साथ हाथ मिलाया है। इस साल शाहरुख खान की ‘पठान’ जनवरी में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने दुनियाभर में पहले दिन 103 करोड़ की कमाई की थी। वहीं शाहरुख की ‘जवान’ सितंबर में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने दुनियाभर में पहले दिन 129 करोड़ का कलेक्शन किया था। इन दोनों ही फिल्मों ने ताबड़तोड़ कमाई करके कई रिकॉर्ड बना लिए थे। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि ‘डंकी’ अपने पहले दिन कितने करोड़ कमाती है। राजकुमार हिरानी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर डायरेक्टर्स में से एक हैं।
‘मुन्ना भाई MBBS’, ‘PK’, ‘संजू’, ‘3 इडियट्स’ जैसी फिल्मे बनाने वाले राजू हिरानी की फिल्म ‘डंकी’ आज रिलीज हो गई है। इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ तापसी पन्नू, विक्की कौशल और बोमन ईरानी भी नजर आए हैं। कॉमेडियन सुनील ग्रोवर के भाई अनिल ग्रोवर भी इस फिल्म में हैं। मजेदार बात ये है कि ‘जवान’ में सुनील ग्रोवर विलेन थे, लेकिन ‘डंकी’ में सुनील ग्रोवर के भाई अनिल ग्रोवर शाहरुख के जिगरी बनते हुए नजर आ रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर रिलीज से ही ऑडियंस में एक्साइटमेंट देखने को मिली। यह फिल्म इमोशंस और कॉमेडी से भरपूर है।

पाठको की राय