Friday, October 23rd, 2026

वर्ल्ड कप 2023 में भारत के खिलाफ मैच को लेकर शाहीन अफरीदी बोले- बस यही एक मैच नहीं खेलने जा रहे

नई दिल्ली
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह से फिट हैं। 16 जुलाई से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में शाहीन अफरीदी पाकिस्तान के लिए वापसी करते नजर आएंगे। श्रीलंका दौरे पर पाकिस्तान को 11 जुलाई से दो दिवसीय प्रैक्टिस मैच भी खेलना है। अफरीदी आईसीसी वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल मुकाबले में चोटिल हुए थे, जिसके बाद उन्हें लंबे समय तक टीम से बाहर बैठना पड़ा। अफरीदी पिछले दो सालों में चोटों से काफी परेशान रहे हैं। अफरीदी ने अपनी इंजरी के अलावा आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 में भारत के खिलाफ मैच को लेकर अपनी राय रखी है। भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप 2023 का मैच 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम पर खेला जाना है। अफरीदी ने माना कि यह मैच बड़ा होगा, लेकिन पूरा फोकस सिर्फ इसी मैच पर नहीं  होगा।
 
पाकिस्तान क्रिकेट के मुताबिक अफरीदी ने  दिए इंटरव्यू में कहा, 'हमें सिर्फ भारत के खिलाफ मैच के बारे में सोचना और इस पर फोकस बंद करना होगा क्योंकि यह सिर्फ एक गेम होगा। हमें इस पर फोकस करना होगा कि हम वर्ल्ड कप कैसे जीतें, एक टीम के तौर पर यही हमारा लक्ष्य होगा।' अफरीदी की फिटनेस को लेकर पिछले कुछ समय में काफी चर्चा हुई है। अफरीदी ने इस पर एकदम दोटूक जवाब दिया।
 
उन्होंने कहा, 'मैं अब पूरी तरह से फिट हूं, इसलिए टेस्ट टीम में मेरी वापसी हुई है, अगर मैं पूरी तरह से फिट नहीं होता तो मेरा नाम टेस्ट स्क्वॉड में नहीं होता। मैं पाकिस्तान के लिए खेलने जा रहा हूं, किसी क्लब लेवल की टीम के लिए नहीं।' पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज होनी है। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 साइकल में इस तरह से पाकिस्तान और श्रीलंका अपने सफर का आगाज करेंगे।

 

 

#वर्ल्ड कप 2023

Source : Agency

पाठको की राय