जनविश्वास यात्रा शुरू करने शाह, योगी के साथ शिवराज भी पहुंचे UP
भोपाल
उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू की जा रही जन विश्वास यात्रा में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। यह छह यात्राएं शुरू की गई हैं जिसमें बलिया से शुरू होने वाली यात्रा की शुरुआत एमपी के सीएम शिवराज ने की। बाकी यात्राओं का शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
यह यात्राएं बिजनौर, मथुरा धाम, झांसी, अंबेडकर नगर, बलिया, गाजीपुर से शुरू हो रही हैं। बलिया से शुरू होने वाली यात्रा में सीएम शिवराज के साथ यूपी के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और दारा सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। यात्रा बलिया से होते हुए मऊ, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, संत कबीरनगर, बस्ती तक जाएगी। इसमें यूपी के पूर्वांचल के 13 लोकसभा और 62 विधानसभा क्षेत्र आएंगे।
काशी, मथुरा, अवध, जिस प्रदेश की शान है, उस पावन उत्तर प्रदेश के बलिया में आज आपका स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त करने आ रहा हूं।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) December 19, 2021
आप भी इस #जन_विश्वास_यात्रा में सम्मिलित होकर उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण एवं विकास को नई गति और नया विश्वास दीजिए। #BJP4UP https://t.co/vJXotwONbr
भाजपा ने चुनाव से पहले शुरू की जाने वाली जन विश्वास यात्रा के प्रारंभिक जिलों का चयन धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के हिसाब से किया है। पहली यात्रा बिजनौर से शुरू होगी जो विदुर कुटी कही जाती है। दूसरी यात्रा मथुरा धाम के गोवर्धन से शुरू हो रही है। तीसरी यात्रा रानी लक्ष्मीबाई की नगरी झांसी से शुरू हो रही है। चौथी यात्रा हिन्दू राजा महाराजा सुहेलदेव राजभर और रामायण मेला के प्रणेता डॉ. राममनोहर लोहिया की जन्मस्थली अम्बेडकरनगर से शुरू हो रही है। पांचवीं यात्रा भृगु ऋषि और क्रांति की धरा बलिया से शुरू हो रही है और छठी यात्रा का शुभारंभ महर्षि जमदग्नि की नगरी और लहुरी काशी के नाम से प्रसिद्ध गाजीपुर से हो रहा है। छह यात्राएं प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए जाएंगी।

पाठको की राय