Friday, October 23rd, 2026

शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा - 'RSS और बीजेपी के इशारे पर हो रहा मुसलमानों पर जुल्म'

संभल
 देश की राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में बुलडोजर चलाए जाने पर संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने बीजेपी और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। बर्क ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस के इशारे पर ही मुसलमानों पर जुल्म किए जा रहे हैं। बिना नोटिस दिए ही जहांगीरपुर इलाके में बुलडोजर चलाया जा रहा है। सपा सांसद ने कहा कि संभल में बिजली चेकिंग के नाम पर मुसलमानों का उत्पीड़न हो रहा है।

 यह बातें सपा सांसद ने गुरुवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। शफीकुर्रहमान बर्क ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि जहांगीरपुरी में बुलडोजर से लोगों को निशाना बनाकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को दरकिनार कर असंवैधानिक रूप से बिना नोटिस दिए मस्जिद के गेट को तोड़ दिया गया और गरीबों की दुकानों व कारोबार को तहस नहस कर दिया। मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।

रमजान माह में बुलडोजर का प्रयोग करके अल्पसंख्यक वर्ग में दहशत पैदा करने के लिए उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व दिल्ली में साम्प्रदायिक ताकतों को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है। कहा कि कुछ साम्प्रदायिक ताकतें देश में धार्मिक शोभायात्रा निकालकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करके आपसी भाईचारा समाप्त करना चाहती है। जहांगीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव पर तीसरी शोभायात्रा बिना अनुमति के निकालकर भाजपा सरकार व आरएसएस के इशारों पर हाथों में तमंचा लेकर मुसलमानों के साथ जुल्म व ज्यादती की। इसके बाद भी पुलिस मुसलमानों के खिलाफ ही कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि सपा के पांच सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल के साथ में दिल्ली के जहांगीरपुरी में जाकर पीड़ित परिवारों से बात करूंगा। इस मुद्दे को प्रमुखता के साथ संसद में भी उठाऊंगा। उन्होंने कहा कि मुसलमानों के खिलाफ भाजपा का जुल्म निरंतर बढ़ रहा है उन्हें झूठे हुए फर्जी मुकदमे में फंसाया जा रहा है और संपत्ति जब्त की जा रही है। मेरठ के दो भाइयों को असम में ले जाकर पुलिस ने उनका फर्जी एनकाउंटर कर दिया।

 

#शफीकुर्रहमान बर्क

Source : Agency

पाठको की राय