Sunday, October 25th, 2026

झारखंड-जमशेदपुर में बनेंगी सात जर्जर सड़कें, 8.78 करोड़ से आठ महीने में बनकर होंगी तैयार

रांची.

मानगो क्षेत्र की सात जर्जर सड़कों का पुनर्निर्माण होगा। इनका टेंडर जारी कर दिया गया है। इन सड़कों की कुल लंबाई 9.19 किलोमीटर है। इनके निर्माण पर कुल आठ करोड़ 78 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी। सड़कों का निर्माण पूरा करने के लिए आठ माह की अवधि तय की गई है। ये सड़कें मानगो नगर निगम क्षेत्र की हैं। इनका निर्माण पथ निर्माण विभाग का जमशेदपुर प्रमंडल करवाएगा। मानगो नगर निगम ने इसके लिए अनापत्ति दे दी है।

इसके बाद ही पथ निर्माण ने इसका स्टीमेट बनाया और टेंडर निकाला है। इन सड़कों के निर्माण से जमशेदपुर पश्चिम विधान सभा क्षेत्र की करीब 50 हजार की आबादी को लाभ होगा। जिन सड़कों का निर्माण होना है इनमें शंकोसाई रोड नंबर-5 से गुडरूबासा डिमना बस्ती, हयात बस्ती तक सड़क शामिल हैं। इसकी लंबाई 1.6 किलोमीटर है। दूसरी सड़क बालीगुमा बगान एरिया से जेवी महतो होम रोड है जिसकी लंबाई 1.3 किलोमीटर है।
तीसरी सड़क शंकोसाई रोड नंबर-5 नियर ब्रिज से केदार बगान रोड तक है। इसकी लंबाई 1.650 किलोमीटर है। चौथी सड़क ओल्ड पुरुलिया रोड में येसू भवन से अलीबाग कॉलोनी रोड तक है। इसकी लंबाई एक किलोमीटर है। पांचवीं सड़क मानगो पारडीह रोड नंबर-2 से रोड नंबर 7 तक मदीना मस्जिद रोड तक है। इसकी लंबाई 1.5 किलोमीटर है। छठी सड़क मानगो-डिमना रोड से राजेन्द्र नगर रोड है। यह सड़क भी एक किलोमीटर लंबी है। और सातवीं सड़क मानगो-पारडीह रोड में एकतरा बस्ती हलधर महतो कॉलोनी रोड है। इसकी लंबाई 1.140 किमी है।

 

#Jharkhand-Jamshedpur#seven roads repaired

Source : Agency

पाठको की राय