अभियान चलाकर पेंडिंग चालानों-अपराधों का करें निपटारा: एडीजीपी श्री वर्मा
ग्वालियर
अभियान चलाकर पेंडिंग चालानों का निपटारा करें, जिससे लंबित अपराधों का निकाल हो सके। यह दिशा-निर्देश पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव के मतदान संपन्न होने के उपरांत मुरार थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंचे ग्वालियर जोन एडीजीपी डी.श्रीनिवास वर्मा द्वारा दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एडीजीपी श्री वर्मा ने लंबित अपराधों एवं लंबित चालानों, मालखाना, थाना भवन आदि का अवलोकन करते हुए पेंडिंग अपराधों का यथाशीघ्र निराकरण करने, रजिस्टर एवं अभिलेखों को अप-टू-डेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मुरार टीआई शैलेंद्र भार्गव को हिदायत दी, कि जिन पेंडिंग केसों में लगातार विवेचना नहीं की जा रही है, उसके लिए राजपत्रित अधिकारियों से विवेचकों को विधिसम्मत दिशा-निर्देश दिलवाए जाएं। एडीजी ने कहा कि थाने के निगरानीशुदा बदमाशों की लगातार चेकिंग कर उनके क्रियाकलापों की जानकारी एकत्रित करते हुए उचित कार्रवाई की जाए। यदि कोई निगरानीशुदा बदमाश लंबे समय से किसी अपराध में सम्मिलित नहीं पाया जाता है तो उसके वर्ग परिवर्तन की भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने थाना प्रभारी को मायनर एक्ट के तहत गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान एडीजीपी द्वारा थाना भवन का निरीक्षण कर परिसर में साफ-सफाई पर ध्यान देने तथा थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों को सदैव दुरुस्त रखने की हिदायत दी। इस अवसर पर एसपी अमित सांघी, एएसपी अभिनव चौकसे व राजेश डंडोतिया, मुरार सीएसपी ऋषिकेश मीणा एवं थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक शैलेंद्र भार्गव सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

पाठको की राय