15 हजार ग्राम केंद्रों व वार्डों में किए सेवा कार्य, टीकाकरण के लिए किया प्रेरित
भोपाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात साल का कार्यकाल पूरा होने पर रविवार को प्रदेश के 15 हजार ग्राम केंद्रों और वार्डों में सेवा कार्य किए गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से लेकर पार्टी के सभी सांसद, विधायकों और नेताओं को इस काम में लगाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आज कटनी और पन्ना में जिला व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर पार्टी के रक्तदान शिविर में भागीदारी की। उन्होंने कटनी में क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में भी भागीदारी की।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बाणगंगा सेवा बस्ती में राशन किट और मास्क वितरित करने वाले हैं वहीं पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने राजधानी के ईदगाह हिल्स स्थित कैंसर अस्पताल में सेवा कार्य करेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी अरेरा मंडल में सेवा कार्य करेंगे। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विधायक व सांसद 15 हजार से अधिक ग्राम केंद्रों और वार्डों में सेवा कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। पार्टी के सभी मोर्चे पर रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं। सेवा ही संगठन अभियान के तहत कार्यकर्ता सामाजिक जागरुकता, मास्क, सैनिटाइजर, राशन किट, मेडिसिन किट इत्यादि वितरित करेंगे। साथ ही साथ वैक्सीन लगवाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करेंगे।
मंडल स्तर पर रक्तदान शिविर
भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आज पर मंडल स्तर तक रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ओल्ड सुभाष नगर व कोलार के बीमा कुंज में आयोजित शिविर में पहुंचेंगे। भाजपा किसान मोर्चा द्वारा ग्राम संपर्क अभियान शुरू किया गया है जिसमें मोर्चा के कार्यकर्ता ग्रामीण अंचलों में जाकर ग्रामवासियों को कोरोना महामारी के प्रति जागरुक करने और बचाव हेतु टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

पाठको की राय