बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने ऋषभ पंत को राज्य का ब्रांड एंबेसेडर घोषित किया
नई दिल्ली
भारत के प्रमुख विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पिछले कुछ समय से लगातार अच्छा अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम की जीत में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस साल की शुरुआत में कंगारुओं के खिलाफ उनके प्रदर्शन को भला कौन भूल सकता है, जब टीम ने एतिहासिक प्रदर्शन करते हुए चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से जीत दर्ज की थी। पंत इसके अलावा समय-समय पर लोगों की मदद करने में भी पीछे नहीं रहते हैं। उनके इस योगदान और बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने उन्हें बड़ा सम्मान दिया है और राज्य का ब्रांड एंबेसेडर घोषित किया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ''भारत के बेहतरीन क्रिकेट खिलाडियों में से एक, युवाओं के आदर्श और उत्तराखण्ड के लाल श्री ऋषभ पंत जी को हमारी सरकार ने राज्य के युवाओं को खेलकूद एवं जन-स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 'राज्य ब्रांड एंबेसडर' नियुक्त किया है।''
उत्तराखंड से पंत का है खास नाता
लेफ्ट आर्म बल्लेबाज पंत वैसे तो घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए खेलते हैं, लेकिन वह मूल रूप से उत्तराखंड के रुड़की शहर से हैं। उनका जन्म इसी जगह पर हुआ है। उन्होंने दिल्ली में क्रिकेट कोचिंग ली और बाद में यहीं की रणजी टीम से क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाया। पंत ने टीम इंडिया की तरफ से अब तक 25 टेस्ट मैचों की 42 पारियों में 1549 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से टेस्ट में 3 शतक और 7 अर्धशतक निकले हैं। पंत इस समय दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हैं, जिसकी शुरुआत 26 दिसंबर से हो रही है।

पाठको की राय