Friday, October 23rd, 2026

धमतरी के जंगलों में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, जंगल में टिफिन-कुकर बम मिले

धमतरी
 माओवादी अतिसंवेदनशील क्षेत्र के जंगल में सर्चिंग के दौरान डीआरजी व सीएएफ जवानों की संयुक्त टीम को माओवादियों द्वारा डंप किया कुकर, पाइप और टिफिन बम बरामद हुआ है। कई माओवादी सामग्री भी जवानों ने जब्त की है। अंदेशा है कि इस क्षेत्र में अभी भी माओवादियों की आवाजाही है।

पुलिस के अनुसार बस्तर में फोर्स का दबाव बढ़ने के कारण माओवादी धमतरी के जंगलों में शरण लेते हैं। धमतरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को एएसपी शैलेंद्र पांडेय के मार्गदर्शन में नगरी डीआरजी और सीएएफ खल्लारी के जवानों की संयुक्त टीम सर्चिंग आपरेशन पर थाना खल्लारी के चमेन्दा,साल्हेभाट क्षेत्र में रवाना हुई थी।
तीन कुकर बम मिले हैं

इस दौरान जवानों को सुबह आठ बजे चमेंदा व साल्हेभाट के बीच जंगल में माओवादियों द्वारा डंप की गई सामाग्री मिली है। इसमें तीन नग कुकर बम, तीन नग दूध के डिब्बे (बम), दो नग पाइप बम व एक नग टिफिन बम, एक नग वाकी टाकी शामिल है।

साथ ही घटना स्थल पर माओवादियों की दवाइयां व दैनिक उपयोगी बर्तन, राशन व अन्य सामग्रियों को पुलिस जवानों ने जब्त किया है। जवानों ने बताया कि माओवादियों ने अलग-अलग थैले को एक तिरपाल, पालीथिन व नीले कलर की प्लास्टिक ड्रम में डाल कर दो अलग-अलग जगह डंप किया था।

बीडीएस टीम ने डंप किए बमों को किया डिफ्यूज

जवानों द्वारा जंगल से जब्त किए तीन नग कुकर बम, दो नग पाइप बम, एक नग टिफिन बम को डिफ्यूज किया है। बीडीएस टीम ने डंप किए बम को डिफ्यूज कर माओवादियों के मंसूबे को नाकाम किया है। एसपी सूरज सिंह परिहार ने धमतरी पुलिस, नगरी डीआरजी सहित सीएएफ की टीम को सूचना तंत्र मजबूत कर लगातार सर्चिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

 

#Anti Maoist Operation

Source : Agency

पाठको की राय