मुर्तजा के पास से सुरक्षा एजेंसियों को मिले कई चौंकाने वाले सबूत
गोरखपुर । गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर के बाहर पुलिस पर हमला करने वाले शख्स अहमद मुर्तजा अब्बासी के तार आतंकवाद से जुड़ते नजर आ रहे हैं। अब इस मामले में पुलिस, मुर्तजा की मदद करने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रख रही है। इस बीच पुलिस के हाथ मुर्तजा के दो साथी लगे हैं जिन पर आरोप है कि हमले वाले दिन उन दोनों ने ही मुर्तजा को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर मंदिर के बाहर छोड़ा था।
फिलहाल गोरखपुर के आसपास के जिलों में छापेमारी जारी है। इसमें कुशीनगर (2 लोग), संत कबीरनगर से 1, महाराजगंज 2 लोग हिरासत में लिए गए हैं। आरोप है कि इन लोगों से मुर्तजा चैट बॉक्स के माध्यम से बात करता था। वहीं मुर्तजा गोरखनाथ मंदिर क्यों पहुंचा था? उसके पास वो हथियार कहां से आया? साथ ही घटना से पहले उसकी किस किस से बात हुई थी। ऐसे कई सवाल हैं जिन को जांच के केंद्र में रखते हुए पुलिस मामले में छानवीन कर रही है।
सार गजवा-वा-तुल से मुर्तजा अब्बासी के संबंधों की जांच
पिछले साल लखनऊ में अंसार गजवा-वा-तुल के दो आतंकी गिरफ्तार हुए थे। इनमें से एक आरोपी के घर से प्रेशर कुकर बम बरामद हुआ था। अब इस एंगल पर भी पुलिस टीम तहकीकात करने में जुट गई है। वहीं मामले की जांच का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। जांच टीम गोरखनाथ मंदिर में हुए हमले की कड़ी से कड़ी मिलाते हुए मुंबई, जामनगर, कोयम्बटूर तक जा पहुंची है।
उधर मामले में कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थ नगर में भी एटीएस ने छापेमारी की है। साथ ही गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर की घटना के बाद मंदिर के आसपास की सुरक्षा बढाई गई है। पुलिस आने-जाने वाली तमाम गाड़ियों की चेकिंग कर रही है।
मुर्तजा के कमरे की ली गई तलाशी
अहमद मुर्तजा अब्बासी के घर व उसके कमरे की तलाशी भी ली गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी के पिता एमए अब्बासी भी एक कंपनी में इंजीनियर रह चुके हैं। रिटायरमेंट के बाद गोरखपुर रहने लगे। शनिवार को ही पिता मुंबई से घर लौटे हैं, उसके बाद पिता ने बेटे से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी थी।
मुर्तजा का नेपाल-मुंबई कनेक्शन खंगाल रही एटीएस
गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात PAC जवानों पर हमला करने वाले मुर्तजा के पास से सुरक्षा एजेंसियों को कई चौंकाने वाले सबूत मिले हैं। सूत्रों का दावा है कि आरोपी के बैग से मिली अरबी भाषा की मजहबी किताब में गोरखनाथ मंदिर का नक्शा था। साथ ही उसके लैपटॉप से कट्टरपंथी जाकिर नाइक के कई वीडियो मिले हैं। मुर्तजा मुंबई और नेपाल के कई संदिग्ध लोगों से चैटिंग करता था। उसके नेपाल-मुंबई कनेक्शन को खंगालने के लिए के लिए UP ATS की एक टीम मुंबई पहुंची हुई है।
सात दिन की रिमांड पर मुर्तजा
सोमवार को ATS और STF की संयुक्त टीम महाराजगंज और सिद्धार्थनगर जिले में भी गई। बांसी से दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है। हिरासत में लिए गए दोनों युवक ही रविवार की शाम मुर्तजा को बाइक से गोरखनाथ मंदिर पहुंचाया था। उधर, आरोपी मुर्तजा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। हालांकि, पुलिस ने उसे 7 दिनों की रिमांड पर लिया है। उसका मेडिकल कराया गया है। जल्द ही उसे पुलिस घटनास्थल ले जा सकती है।

पाठको की राय