प्रदेश टेट पेपर के स्क्रीनशॉट हुए वायरल,तत्काल जांच की मांग
भोपाल
मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (MP-TET) के एग्जाम चल रहे हैं। मध्यप्रदेश में शिक्षक वर्ग-3 का एग्जाम पेपर लीक होने ख़बरें सोशल मीडिया पर उठाई जा रही हैं। परीक्षा पेपर के कुछ स्क्रीनशॉट मोबाइल पर भी वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार 25 मार्च को हुए पेपर के दौरान कम्प्यूटर के स्क्रीनशॉट्स वायरल हुए हैं।
सवाल ये उठाया जा रहा है कि एग्जाम में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में मोबाइल ले जाने की इजाजत नहीं थी तो इसका प्रश्न पत्र का फोटो बाहर कैसे आया?
अब इसको लेकर कांग्रेस के नेता सरकार पर हमलावर हो गए हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, विधायक पीसी शर्मा ने जांच की मांग उठा दी है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा- यह गंभीर आरोप है। इसकी जांच तत्काल होना चाहिए।
इसके अलावा कई और नेता जैसे- अरुण यादव ने लिखा- व्यापम घोटाला जारी है, क्योंकि जब तक शिवराजजी मुख्यमंत्री रहेंगें व्यापमं के जरिए होने वाली भर्तियों में भ्रष्टाचार जारी रहेगा। पीसी शर्मा ने लिखा- सरकार पचमढ़ी में है और यहां व्यापमं घोटाले की अगली सीरीज आ गई है।
सीएम को ट्वीट कर पूछा- क्या ऐसे ही फर्जीवाड़ा होता रहेगा
एक परीक्षार्थी मेहरबान सिंह वर्मा ने सीएम को ट्वीट करते हुए लिखा है कि शिवराज सिंह जी ये क्या हो रहा है। MP-TET का पेपर लक्ष्मण सिंह के मोबाइल में कैसे आया। क्या इसी प्रकार सभी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा होता रहेगा। बेरोजगारों की प्रतिभा का ऐसे ही हनन होता रहेगा। हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज से इस पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई हो।

पाठको की राय