12 दिन में दूसरी बार आज शाम को भोपाल पहुंचेंगे सिंधिया
भोपाल
राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया आज बुधवार को भोपाल आएंगे। BJP और संघ नेताओं की मुलाकात के साथ-साथ सिंधिया प्रदेश सरकार के कुछ मंत्रियों के साथ मुलाकात भी कर सकते हैं। उनके इस दौरे ने एक बार फिर प्रदेश की सियासी धड़कने बढ़ा दी है।
15 दिन के भीतर ज्योतिरादित्य सिंधिया एक बार फिर भोपाल आ रहे हैं। पिछले दौरे में उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के अलावा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा व संघ के नेताओं से मुलाकात की थी। इसके साथ-साथ उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह और लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव के साथ लंबी बातचीत की थी। बुधवार को शाम साढे चार बजे भोपाल आ रहे सिंधिया सीधे बीजेपी कार्यालय पहुंचेंगे और प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ संगठन महामंत्री व संगठन सह महामंत्री के साथ मुलाकात करेंगे। इसके साथ-साथ वे संघ कार्यालय भी जा सकते हैं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि 3 साल बाद हो रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भोपाल में शामिल होंगे या फिर दिल्ली में, यह अभी तय नहीं है। इस बैठक को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे। सिंधिया के एक समर्थक मंत्री के मुताबिक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। लेकिन यह अभी तय नहीं है कि वे भोपाल में शामिल होंगे या दिल्ली में। दरअसल, बैठक की तैयारी सिंधिया के भोपाल दौरा बनने से पहले पूरी हो चुकी है। जिसमें तय किया गया है कि कोविड प्रोटोकॉल के पालन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कुल 20 पदाधिकारी शामिल होंगे।
अरविंद भदौरिया के साथ रात्रि भोज रहेगी चर्चा का विषय
सिंधिया के इस दौरे कार्यक्रम में सबसे चौंकाने वाली मुलाकात प्रदेश के सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया के निवास पर उनका रात्रि भोज है। पिछले कुछ दिनों से ग्वालियर चंबल संभाग के कद्दावर नेता के रूप में उभरे अरविंद भदौरिया के साथ उनकी यह मुलाकात प्रदेश की राजनीति में भदोरिया का बढ़ता हुआ कद बता रही है। इसके साथ-साथ सिंधिया अपने समर्थकों को सरकार में एडजस्ट करने के मुद्दे पर भी बात कर सकते हैं।
सिंधिया की सुरक्षा में जिस तरह से पिछले 15 दिनों में दो बार चूक हुई है उसे लेकर भी प्रदेश सरकार काफी गंभीर है और मंगलवार को इस बात को लेकर ग्वालियर शिवपुरी सहित सभी आला पुलिस अधिकारियों को यह निर्देश थे अब किसी तरह की चूक कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यही कारण था कि ग्वालियर और शिवपुरी के एसपी मंगलवार को खुद सिंधिया के काफिले के साथ बने रहे। भोपाल आने से पहले सिंधिया सिरोंज भी जाएंगे जहां वे स्वर्गीय लक्ष्मीकांत शर्मा के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
#ज्योतिरादित्य सिंधिया ज्योतिरादित्य सिंधिया

पाठको की राय