Sunday, October 25th, 2026

स्कूल शिक्षा मंत्री ने सूरजपुर के सरसताल स्कूल मरम्मत और सोनगरा में अतिरिक्त कमरा निर्माण की घोषणा

रायपुर
स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने सूरजपुर जिले के विकासखण्ड प्रतापपुर की ग्राम पंचायत सोनगरा के गौठान में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में सरसताल के स्कूल की मरम्मत और सोनगरा में अतिरिक्त कमरा निर्माण की घोषणा की।

उन्होंने 5 महिला समूहों को मिनी राईस मिल का वितरण किया। इनमें जय माता दी महिला स्वसहायता समूह बंशीपुर, राधा स्वयं सहायता समूह सत्तीपारा, फूलवारी स्वयं सहायता समूह रामपुर, संगवारी स्वयं सहायता समूह दरहोरा, सहेली स्वयं सहायता समूह सोनगरा को मिनी राईस मील का वितरण किया गया। साथ ही प्रतापपुर के चार हितग्राहियों को स्वेच्छा अनुदान राशि एवं दो हितग्राहियों को पशुओं को प्रोटीन वितरण किया गया है।

मंत्री डॉ. टेकाम द्वारा कार्यक्रम में सोनगरा निवासी श्रीमती रुबीना एवंसमुंदर की पुत्री परी को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित नोनी सुरक्षा योजना का प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस योजना के अंतर्गत बालिका के 18 वर्ष पूर्ण करने पर आर्थिक सहायता बतौर एक लाख रुपए की राशि प्रदाय की जाती है। मंत्री डॉ. टेकाम ने कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हेलमेट का वितरण भी किया।

मंत्री डॉ. टेकाम ने जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वसहायता समूह को अधिक से अधिक आय प्राप्त हो, इसके लिए गौठान में मल्टीयूटिलिट सेंटर विकसित किया जा रहा है। इसमें मुगीर्शेड, बटेर शेड, मशरूम उत्पादन, सब्जी उत्पादन सहित अन्य गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। गौठान में गोबर खरीदी एवं वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण हो रहा है, जो आजीविका का अच्छा साधन बनकर सामने आया है।

कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से आरबीसी 6-4, पेंशन, राशनकार्ड सहित अन्य समस्याओं का ग्रामीणजनों के बीच पहुचकर निराकरण किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने पुलिस विभाग द्वारा चलाये जा रहे सड़क सुरक्षा, हिम्मत कार्यक्रम के तहत् महिला एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पण अभियान एवं आमजनों की समस्या एवं शिकायतों के लिए चलायें जा रहे संवाद शाखा के बारे में मंत्री डॉ. टेकाम को अवगत कराया। कार्यक्रम को जिला पंचायत सीईओराहुल देव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।

 

#School Education

Source : Agency

पाठको की राय