बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा , स्वास्थ्य और सम्मान के लिए सरोकार ने लगाया समर कैंप
( अमिताभ पाण्डेय )
भोपाल
बच्चों के संपूर्ण विकास को समर्पित सामाजिक संस्था सरोकार के बाल संगठन प्लस माइनस इज इक्वल टू (+ - =) के बैनर तले वंचित समुदाय के बच्चों के बीच 22 दिवसीय खुशियों के समर कैंप का आज यहां समापन हुआ।
बच्चों के लिए 4 एस कैम्पेन यानी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान पर आधारित इस अभियान के तहत समर कैंप में बच्चों ने गीत गाए, नाटकों व अन्य कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति दी ।
इस मौके पर बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वरिष्ठ समाजसेवी, अधिवक्ता , वरिष्ठ पत्रकार मिलिंद कुलकर्णी ने पौधे वितरित किए ।
उनके साथ कारपोरेट वर्ल्ड के प्रतिनिधि अजय राउत और भूपेन्द्र ने समर कैंप के प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए. कार्यक्रम का संचालन सरोकार संस्था की सचिव सुश्री कुमुद सिंह ने किया ।
मदर इंडिया कालोनी के रहवासियों की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम के दौरान श्री कुलकर्णी ने अपने संदेश में बच्चों को शिक्षित करने, उन्हें नशे से दूर रखने, बाल विवाह नहीं करने तथा वृक्षों के संरक्षण की बात कही ।
गुब्बारों और अपनी बनाई पेंटिग्स से बच्चों ने कार्यक्रम स्थल को सजाया । खुशियों के समर कैंप के समापन अवसर पर बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर केन्द्रित दो नाटक का मंचन किया । बच्चों ने शिक्षा पर केन्द्रित सारे अक्षर पढ़ते जाओ-आगे आगे बढ़ते जाओ, भरी दुपहरी-नन्हीं गिलहरी जैसे गीत गाकर खूब वाहवाही बटोरी.

पाठको की राय