Thursday, October 22nd, 2026

संजू सैमसन-केएल राहुल ने टी20 विश्व कप के लिए मजबूत किया अपना दावा: ग्रीम स्मिथ

नई दिल्ली.
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ का मानना है कि आईपीएल में बेहतरीन अर्धशतकीय पारियों के बाद संजू सैमसन और केएल राहुल ने आगामी टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में दूसरे विकेटकीपर के स्थान के लिए अपने दावे मजबूत किये हैं। वेस्टइंडीज और अमेरिका में जून में खेले जाने वाले इस विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा जल्द ही होने वाली है। टीम में ऋषभ पंत को पहली पसंद के विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में चुना जाना लगभग तय है।

स्मिथ ने ‘जियोसिनेमा’ से कहा, उन्हें (राहुल और सैमसन) साझेदारी बनाने की जरूरत थी। राहुल ने इसे (दीपक) हुडा के साथ किया और संजू ने इसे ध्रुव जुरेल के साथ खूबसूरती से निभाया। दोनों में अंतर यह था कि संजू ने मैच को सफलतापूर्वक खत्म किया जबकि राहुल अहम मौके पर आउट हो गये। यह देखना हालांकि शानदार था कि दोनों उत्कृष्ट खिलाड़ियों ने विश्व कप चयन के लिए अपना दावा मजबूत किया।

राहुल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 48 गेंदों में 76 रन बनाए, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के कप्तान सैमसन ने 33 गेंदों में नाबाद 71 रन बनाकर उस प्रयास को विफल कर दिया। राजस्थान रॉयल्स ने सात विकेट से जीत हासिल की। चर्चा में मौजूद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने चौथे विकेट के लिए 121 रन की अटूट साझेदारी के दौरान 34 गेंदों पर नाबाद 52 रन की शानदार पारी खेलकर सैमसन का साथ देने के वाले जुरेल की सराहना की। ली ने कहा, वह एक शानदार बल्लेबाज है। उसके पास उचित क्रिकेट शॉट्स हैं। वह खेल के सभी प्रारूप खेल सकता है और जानता है कि जरूरत के मुताबिक खेल में कब बदलाव करना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ वह बेहतरीन शॉट खेलता है और अपने कौशल से वह लगातार प्रभावित कर रहा है।

 

#Sanju Samson-KL Rahul

Source : Agency

पाठको की राय