Thursday, October 22nd, 2026

धोनी की सीएसके को लगातार 4 बार हराकर संजू सैमसन ने किया कमाल, पहुंचे रोहित शर्मा के करीब

नई दिल्ली
आईपीएल 2023 का 37वां मुकाबला गुरुवार रात राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया। इस मैच में आरआर ने सीएसके को 32 रनों से धूल चटाई। राजस्थान की यह चेन्नई पर इस सीजन की दूसरी और लगातार चौथी जीत है। इसी के साथ आरआर के कप्तान संजू सैमसन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार सबसे ज्यादा मुकाबले हराने वाले कप्तानों की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। इस सूची के टॉप पर मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा हैं।

संजू सैमसन की अगुवाई में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 2021 से 2023 के बीच कुल 4 बार शिकस्त दी है, वहीं 2018 से 2019 के बीच रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस ने सीएसके को लगातार 5 बार धूल चटाई थी। अगर इस सीजन प्लेऑफ में कम से कम एक बार आरआर और सीएसके की भिड़ंत होती है और इस दौरान संजू सैमसन एक बार फिर धोनी ब्रिगेड को चित करने में कामयाब रहते हैं तो वह रोहित शर्मा की बराबरी कर लेंगे।

सीएसके के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तान-
5 - रोहित शर्मा (2018/19)
4- संजू सैमसन (2021/23)*
3 - रोहित शर्मा (2015)
3 - जॉर्ज बेली (2014)
3 - श्रेयस अय्यर (2020/22)
3 - अनिल कुंबले (2009/10)

कैसा रहा राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मैच?
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की 77 रनों की तूफानी पारी के दम पर टीम 202 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। इस स्कोर का पीछा करने उतरी सीएसके की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 ही रन बना पाई। चेन्नई के लिए शिवम दुबे ने अर्धशतक जड़ा, वहीं ऋतुराज गायकवाड़ ने 47 रनों की पारी खेली। वहीं राजस्थान के लिए एडम जैंपा ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। आरआर की जीत के हीरो यशस्वी जायसवाल ही रहे, जिन्हें मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

 

 

#आईपीएल 2023

Source : Agency

पाठको की राय