जर्मनी से दिल्ली पहुंचा 'संजीवनी का पर्वत', एक दिन में तैयार होगी 4 लाख लीटर ऑक्सीजन
नई दिल्ली
देश के अलग-अलग राज्यों में इस समय कोरोना वायरस की दूसरी लहर कोहराम मचा रही है। शनिवार को लगातार तीसरे दिन देश में कोरोना वायरस के 4 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए। मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही कई राज्यों के अस्पतालों में ऑक्सीजन का संकट भी गहराया हुआ है। संकट की इस घड़ी में जहां ऑक्सीजन एक्सप्रेस के जरिए अलग-अलग राज्यों में ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है, वहीं विदेशों से भी भारत की मदद के लिए हाथ उठ रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को जर्मनी से 4 लाख लीटर ऑक्सीजन बनाने की क्षमता वाला ऑक्सीजन प्लांट भारत पहुंचा।
एक दिन में बनेगी 4 लाख लीटर ऑक्सीजन कोरोना वायरस महामारी के संकट में जर्मनी ने मदद के तौर पर शनिवार को एक ऑक्सीजन प्लांट दिल्ली भेजा। इस ऑक्सीजन प्लांट को डीआरडीओ की तरफ से चलाए जा रहे सरदार वल्लभभाई पटेल कोविड हॉस्पिटल में स्थापित किया जाएगा। जर्मनी के इस प्लांट में 4 लाख लीटर ऑक्सीजन बनाने की क्षमता है। भारत में जर्मनी के राजदूत वाल्टर जे लिंडनर ने शनिवार को इस प्लांट का निरीक्षण किया।
'भारत ने संकट में दुनिया की मदद की, अब हमारी बारी' ऑक्सीजन प्लांट के निरीक्षण के दौरान वाल्टर जे लिंडनर ने कहा, 'कोरोना वायरस के संकट के समय भारत ने दुनिया की आगे बढ़कर मदद की। बस, उसी मदद के बदले में हम अब भारत की सहायता कर रहे हैं। जब हमें पता चला कि कोरोना वायरस महामारी में भारत में सबसे ज्यादा जरूरत ऑक्सीजन की है, तो हमने अपनी मिलिट्री की तैयार किया और वो एक बड़ा ऑक्सीजन प्लांट लेकर भारत आ गई। मेरे ख्याल से हम सोमवार सुबह तक इस प्लांट का टेस्ट रन कर लेंगे।'
आईटीबीपी रेफरल अस्पताल में भी लगा ऑक्सीजन प्लांट आपको बता दें कि इससे पहले गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के आईटीबीपी रेफरल अस्पताल में इटली की मदद से भी एक ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया गया था। इस प्लांट से एक समय में 100 से ज्यादा मरीजों को पाइपलाइन के जरिए ऑक्सीजन की सप्लाई की जा सकती है। वहीं, कोरोना के मरीजों के लिए ऑक्सीजन का संकट दूर करने के लिए देश के कई अस्पतालों में पीएम केयर्स फंड के तहत ऑक्सीजन प्लांट भी स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन एक्सप्रेस के जरिए अलग-अलग राज्यों में ऑक्सीजन के टैंकर पहुंचाए जा रहे हैं।
केजरीवाल कोरोना से एक दिन में 4,187 लोगों की मौत गौरतलब है कि देश में इस समय कोरोना वायरस का संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है। शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 4,01,078 नए मरीज मिले हैं और 4,187 लोगों की मौत हुई है। हालांकि एक राहत की बात ये है कि बीते एक दिन में 3,18,609 मरीज कोरोना वायरस को मात देकर अपने घर लौटे हैं। नए मरीज मिलने के बाद देश में अब कोरोना वायरस के एक्टिव केस 37,23,446 तक पहुंच गए हैं।

पाठको की राय