बिहार में बालू की किल्लत होगी दूर! अगले महीने 161 नए घाटों से शुरू होगा खनन
पटना
राज्य में बालू की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में खान एवं भूतत्व विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। अगले महीने करीब डेढ़ सौ नए बालू घाटों से खनन शुरू होने की संभावना है।
इनमें पीला बालू के 107 और उजला बालू के 54 घाट शामिल हैं। इन घाटों की बंदोबस्ती पूरी हो चुकी है। मुख्य रूप से भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, गया और जमुई जिले के घाटों से खनन शुरू होगा।
राज्य में फिलहाल नदियों से बालू खनन पर रोक है। प्रत्येक वर्ष पर्यावरणीय गाइड लाइंस की वजह से 15 जून से 15 अक्टूबर तक बालू खनन पर रोक होती हैं।
नए सिरे से वापस खनन प्राांभ होने पर इस बार इन नए घाटों पर खनन हो सकेगा। नए बालू घाटों से खनन के बाद पीला बालू के करीब 311 घाटों से आपूर्ति होने लगेगी।
उजला बालू के 89 घाट होंगे चालू
वहीं, उजला बालू के करीब 89 घाट चालू हो जाएंगे। इससे निर्माण कार्यों के लिए बालू की उपलब्धता बढ़ेगी और लोगों को उचित कीमत पर बालू मिलने की उम्मीद है।
विभाग के अनुसार वर्तमान में राज्य में पीला बालू के करीब 204 और उजला बालू के करीब 35 घाटों से खनन हो रहा है। विभाग अन्य घाटों की बंदोबस्ती की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रहा है।
बता दें कि राज्य में पीले बालू के 466 घाट चिह्नित हैं, इसी तरह उजला बालू के 541 घाट हैं, जिनमें करीब 452 की नीलामी नहीं हुई है। विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को इन अनीलामित घाटों की नीलामी कराने का निर्देश दिया है।

पाठको की राय