Tuesday, October 20th, 2026

सचिन ने भारत को दिलाया 21वां पदक, सारे रिकॉर्ड चूर-चूर, पीएम मोदी ने यूं दी बधाई

पेरिस
 भारत के सचिन सरजेराव खिलाड़ी ने पेरिस पैरालंपिक में पुरुषों की शॉटपुट एफ46 स्पर्धा में एशियाई रिकॉर्ड 16 . 32 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। 34 वर्ष के खिलाड़ी ने दूसरे प्रयास में सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंका। उन्होंने मई में जापान में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। कनाडा के ग्रेग स्टीवर्ट ने तोक्यो पैरालंपिक में जीता स्वर्ण बरकरार रखा। यह भारत का कुल 21वां मेडल है। यह अपने आप में रिकॉर्ड है। इस पर पीएम मोदी ने एक्स पर एक मेसेज लिखते हुए उन्हें बधाइयां दीं।

क्रोएशिया के लुका बाकोविच ने कांस्य पदक जीता। खिलाड़ी का रजत पेरिस पैरालंपिक में एथलेटिक्स में भारत का 11वां पदक है। उन्होंने चीन में एशियाई पैरा खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। एफ46 श्रेणी में वे खिलाड़ी होते हैं जिनकी भुजाओं में कमजोरी है, मांसपेशियों की शक्ति क्षीण है या भुजाओं में निष्क्रिय गति की सीमा क्षीण है। ऐसे एथलीट खड़े होकर प्रतिस्पर्धा करते हैं।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा- #Paralympics2024 में सचिन को उनकी अविश्वसनीय उपलब्धि के लिए बधाई! शक्ति और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने पुरुषों की शॉटपुट F46 स्पर्धा में रजत पदक जीता है। भारत को उन पर गर्व है।

दूसरी ओर, भारत के अरशद शेख और ज्योति गडेरिया पैरालंपिक खेलों में अपनी-अपनी साइकिलिंग स्पर्धा में क्रमशः 11वें और 16वें स्थान पर रहे। ज्योति ने 5.8 किमी की महिला सी1 व्यक्तिगत टाइम ट्रायल में 30 मिनट और 0.16 सेकंड का समय लिया तथा वह 16वें और अंतिम स्थान पर रही। जर्मनी की माइक हॉसबर्गर ने 21:30.45 का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि ब्रिटेन की फ्रांसिस ब्राउन और स्वीडन की एना बेक ने क्रमशः 21:46.18 और 21:54.71 के समय के साथ दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

पुरुषों के सी2 टाइम ट्रायल में अरशद 25:20.11 के समय के साथ 11वें और अंतिम स्थान पर रहे। फ्रांस के अलेक्जेंड्रे लीउते ने 19:24.25 के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि बेल्जियम के इवॉड वोरोमेंट और ऑस्ट्रेलिया के डेरेन हिक्स क्रमशः 19:26.45 और 19:26.61 समय के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

 

#Paris Paralympics

Source : Agency

पाठको की राय