Wednesday, October 21st, 2026

BCCI में सचिन तेंदुलकर को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी, सचिव जय शाह​ 'क्रिकेट के भगवान' को मनाने में जुटे

नई दिल्ली

दुनिया के महान बल्लेबाजों में से एक भारत के सचिन तेंदुलकर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। तेंदुलकर के साथ सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण भारतीय क्रिकेट सबसे बड़े चेहरों में शामिल हैं। मौजूदा समय में गांगुली, बीसीसीआई के अध्यक्ष हैं तो वहीं द्रविड़ को हाल में टीम इंडिया का हेड कोच बनाया गया है। उन दोनों के अलावा लक्ष्मण को नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) का प्रमुख बनाया गया है। लेकिन तेंदुलकर ही बचे हुए हैं, जिन्हें बीसीसीआई में अबतक कोई जिम्मेदारी नहीं मिली है। हालांकि बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने अब संकेत दिए हैं तेंदुलकर भी बोर्ड के किसी नए रोल में दिख सकते हैं।
 
रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने कहा है कि द्रविड़ को हेड कोच और लक्ष्मण को एनसीए हेड चुनने के बाद तेंदुलकर को भी बोर्ड में कोई रोल मिल सकता है। शाह ने कहा है कि वह इसके लिए 'क्रिकेट के भगवान' को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि सचिन को सेलेक्शन कमिटी में कोई भूमिका दी जा सकती है। वहीं, सचिन का इस बारे में अबतक कोई बयान नहीं आया है। लेकिन खबरों में कहा गया है कि बीसीसीआई सचिव भारत के महान बल्लेबाज को मनाने का प्रयास कर रहे हैं।
 

पूर्व कप्तान गांगुली ने 2019 में बीसीसीआई के 39वें अध्यक्ष के रूप में पद संभाला था। उनसे पहले सी के खन्ना बीसीसीआई के अध्यक्ष थे। उन्होंने 2017 से 2019 तक इस पद को संभाला था। जबकि इससे पहले अनुराग ठाकुर इस पद को संभाल रहे थे। गांगुली दूसरे ऐसे कप्तान हैं जिन्हें बीसीसीआई का अध्यक्ष बना गया।उनसे पहले विजयनगर के महाराज कुमार पहले ऐसे कप्तान थे जिन्हें इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सचिन ने गांगुली के बीसीसीआई अध्यक्ष बनने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा था, 'उन्होंने जिस तरह से अपनी क्रिकेट खेली, उन्होंने जिस तरह से देश की सेवा की, मुझे इसमें कोई संदेह नहीं कि वह (बीसीसीआई अध्यक्ष के तौर पर) उसी तरह की क्षमता, लगन और फोकस के साथ अपनी भूमिका निभाएंगे।'

 

#BCCI में सचिन तेंदुलकर

Source : Agency

पाठको की राय