Thursday, October 22nd, 2026

नवरात्रों में ट्रेन की सीट पर मिलेंगे साबूदाने की खिचड़ी, कुट्टू का पकौड़ा और फ्रेश जूस

नवरात्र के दौरान ट्रेन जर्नी करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें अब रेल यात्रा के दौरान भी व्रत का भोजन मिलेगा। रेल मंत्रालय की कंपनी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (IRCTC) इस बार नवरात्रे में ऐसा इंतजाम कर रही है कि यात्रियों के सीट पर व्रत का भोजन पहुंच जाए।

नवरात्र के दौरान ट्रेन में लंबा सफर करने वाले व्रती यात्री अभी तक फल अपने साथ लेकर चलते रहे हैं। वे पूरी यात्रा फल खा कर ही काटते हैं क्योंकि उन्हें ट्रेन में व्रत का खाना  नहीं मिल पाता। अब उन्हें सिर्फ फल  पर ही निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्हें सात्विक तरीके से तैयार दाल चावल, रोटी सब्जी या कुछ अन्य व्यंजन भी मिलेंगे।

आईआरसीटीसी (IRCTC) से मिली जानकारी के अनुसार इस बार नवरात्र के दौरान साबूदाना खिचड़ी आदि का सेवन करने वाले लोगों को अब निराश होने की जरूरत नहीं है। आईआरसीटीसी द्वारा अब ट्रेनों में व्रत के दौरान खाई जाने वाले पदार्थ भी परोसे जाएंगे। इसमें साबूदाने की खिचड़ी, कुट्टू आटे की पकौड़ी, पनीर मखनी, पराठा, आलू चॉप, फ्रेश ज्यूस आदि जैसे व्यंजन मिलेंगे।

आईआरसीटीसी ने एक विशेष व्यवस्था की है। इसके लिए देश भर के 400 से भी ज्यादा रेलवे स्टेशनों पर तैयारी की गई है। जो यात्री ट्रेन में व्रत का खाना चाहेंगे, उन्हें टेलीफोन नंबर 1323 पर डायल कर पहले आर्डर देना होगा। यात्री चाहे तो फूड ट्रैक ऐप पर भी आर्डर कर सकते हैं। या फिर ecatering.irctc.co.in पर आर्डर कर सकते हैं। ऑर्डर के समय यात्रियों को अपना पीएनआर नंबर, मोबाइल नंबर आदि की जानकारी देनी होगी।

आईआरसीटीसी का कहना है कि व्रत का खाना, जैसे- साबूदाना की खिचड़ी, वड़ा, कुट्टू के आटे का पराठा, पनीर की सब्जी आदि सेंधा नमक से तैयार की जाएगी। इसे तैयार करने में लहसून और प्याज का बिल्कुल उपयोग नहीं कया जाएगा। साथ ही भोजन तैयार करने में साफ-सफाई और पवित्रता का भी विशेष ख्याल रखा जाएगा। आईआरसीटीसी के प्रवक्ता ने बताया कि नवरात्र के 9 दिन आईआरसीटीसी की वेबसाइट (irctc.co.in) से भी यात्री व्रत का खाना ऑर्डर कर सकते है।

ट्रेन में व्रत का भोजन (Vrat Food) करने वालों के लिए स्टार्टर और डेजर्ट (Dessert) का भी इंतजाम किया गया है। आईआरसीटीसी के अधिकारियों का कहना है कि व्रत के भोजन के स्टार्टर के तौर पर आलू चॉप तैयार किया गया है। मेन कोर्स में तो कई व्यंजनों का विकल्प है। डेजर्ट के रूप में सीताफल की खीर तैयार की जाएगी। इन व्यंजनों के अलावा फ्रेश ज्यूस का भी इंतजाम रहगा।

 

Source : Agency

पाठको की राय