Wednesday, October 21st, 2026

SA vs IND: रविचंद्रन अश्विन की 4 साल बाद वनडे में होगी वापसी! अगले 48 घंटे में हो सकता है भारतीय टीम का ऐलान

नई दिल्ली

साल 2021 में रेड बॉल से बल्लेबाजों के लिए काल साबित हो रहे भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को जल्द ही इसका इनाम मिलने वाला है। अश्विन इस साल टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और अब इस प्रदर्शन के बाद उनकी व्हाइट बॉल क्रिकेट में भी वापसी होने वाली है। अश्विन की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 19 जनवरी से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में वापसी होने की उम्मीद है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, स्टार ऑफ स्पिनर को चार साल बाद भारत में वनडे टीम में शामिल किया जा सकता है।

अश्विन की यूएई में खेले टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में वापसी हुई थी, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। उस प्रदर्शन के बाद से ही वह सेलेक्टर्स की नजर में बने हुए हैं। अश्विन ने अपना आखिरी वनडे जून 2017 में खेला था। रिपोर्ट के अनुसार, चेतन शर्मा की अध्यक्षता वाली सीनियर चयन समिति अगले 48 घंटे में बैठक करने के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर सकती है।


अश्विन ने व्हाइट बॉल में अपने परफॉर्मेन्स से टी20 वर्ल्ड कप के अलावा न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए घरेलू टी20 सीरीज में भी सबका ध्यान खींचा था। खास कर 2003 वर्ल्ड कप की टीम पर फोकस किए हुए कप्तान रोहित शर्मा और हेड कोच राहुल द्रविड़ भी उनके प्रदर्शन के मुरीद हुए थे। टीम में स्पिन के कुछ और विकल्प रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल हैं, जो अश्विन को टक्कर दे सकते हैं।

 

#SA vs IND

Source : Agency

पाठको की राय