Tuesday, October 20th, 2026

रूस के टेनिस खिलाड़ी आंद्रीवा और श्नेडर एआईएन खिलाड़ी के रूप में ओलंपिक सेमीफाइनल में

पेरिस
रूस की टेनिस खिलाड़ी माइरा आंद्रीवा और डायना श्नेडर पेरिस ओलंपिक के महिला युगल सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं जिससे एआईएन नाम से तटस्थ व्यक्तिगत खिलाड़ियों के रूप में खेल रहे देश के खिलाड़ियों को पहला पदक जीतने का मौका मिला है।

सत्रह साल की आंद्रीवा अब भी हाई स्कूल में पढ़ रही हैं जबकि 20 साल की श्नेडर अमेरिका जाने के बाद वहां नॉर्थ कैरोलिना में कॉलेज टेनिस खेलती हैं। आंद्रीवा और श्नेडर की जोड़ी ने कैटरीना सिनिकोवा और बारबरा क्रेसिकोवा की चेक गणराज्य की दूसरी वरीय जोड़ी को क्वार्टर फाइनल में 6-1, 7-5 से हराया। श्नेडर के साथ पहली बार किसी टूर्नामेंट में खेल रहीं आंद्रीवा ने कहा, ‘‘हमें पता है कि हम अंतिम अंक तक संघर्ष जारी रखेंगे। संभवत: यही कारण है कि हम एक साथ इतना अच्छा कर रहे हैं।’’

फरवरी 2022 में यूक्रेन में शुरू हुए युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने पेरिस खेलों में रूस और बेलारूस के खिलाड़ियों को टीम खेलों से प्रतिबंधित किया है। रूस या बेलारूस के पासपोर्ट धारक व्यक्तिगत खिलाड़ियों को क्वालीफाई करने पर तटस्थ खिलाड़ियों के रूप में हिस्सा लेने की स्वीकृति है।

 

 

#Andreeva and Shneider reach

Source : Agency

पाठको की राय