Wednesday, October 21st, 2026

एक्सरसाइज के लिए शारजाह से लाया था रोलर, खोलकर देखा तो दंग रह गए अफसर, अंदर छिपा था लाखों का सोना

जयपुर
जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने आज शारजाह से एयर अरबिया की उड़ान संख्या जी9-435 से पहुंचे एक यात्री को रोका। रोकने पर जब गहनता से उसके सामान और कपड़ों की जांच की गई तो चौंकाने वाली बात सामने आई।  सहायक कस्टम आयुक्त बीबी अटल के अनुसार एक्स-रे मशीन में यात्री के बैगेज की जांच करने पर उसमें कुछ वस्तुओं के असामान्य रूप से गहरे रंग के चित्र देखे गए। ये चित्र कुछ भारी और कीमती धातु को छुपाने की ओर इशारा कर रहे थे। गहनता से पूछताछ करने पर यात्री ने कोई भी संदिग्ध वस्तु उसके पास होने से मना किया। इस पर चार पहियों वाला एब रोलर, जो कि एक्सरसाइज के काम आता है और बैग में मिले तीन ठोस गोल बेलनाकार छड़ों को काटा गया तो उनमें से महीन सोना छिपा हुआ पाया गया। 

14 लाख रुपए का शुद्ध सोना
तस्करी कर लाए गए सोने का वजन 288.430 ग्राम था, जिसकी कीमत 14 लाख 21 हजार 960 रुपए था, जिसे सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है। अब यात्री से आगे की पूछताछ जारी है। आपको बता दें कि विभाग की ओर से इस महीने में ही तीसरी बड़ी कार्रवाई है।

पहले भी लिक्विड शेप में लाया गया
अभी कुछ दिन पहले ही विभाग ने पेस्ट के रूप में लाया गया सोना जब्त किया था। जिसका वजन 1133.500 ग्राम और कीमत 56 लाख 16 हजार 492 रुपए आंकी गई थी। वहीं, एयरपोर्ट पर ही 13 दिन पहले शारजहां से आई फ्लाइट में एक युवक की ​जींस पेंट और अंडरगारमेंट्स के नीचे लिक्विड शेप में सोना मिला था, जिसका वजन डेढ़ किलोग्राम था। कस्टम्स विभाग के अधिकारियों के अनुसार बरामद सोने की कीमत करीब 73 लाख रुपए आंकी गई थी।
 

 

#Roller

Source : Agency

पाठको की राय