Sunday, October 25th, 2026

एक जुलाई से राज्य में शुरू होगा रोका छेका अभियान

रायपुर
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खरीफ फसलों की सुरक्षा और पशुओं को वर्षा ऋतु में होने वाली गलघोटू और एकटंगिया बीमारी से बचाने के लिए गत वर्ष भांति इस वर्ष भी आगामी एक जुलाई से राज्य में रोका छेका अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सुराजी गांव योजना के तहत गांवों में निर्मित शत-प्रतिशत गौठानों को क्रियाशील बनाने के लिए गौठान समितियों का गठन करने तथा गौठानों में चारागाह के लिए सुरक्षित भूमि में इस वर्ष अनिवार्य रूप से चारागाह विकसित करने के भी निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री अपने निवास कार्यालय में गोधन न्याय योजना के तहत पशुपालक गोबर विक्रेताओं, गौठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को राशि अंतरण के कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर एक जून से 15 जून तक गौठानों में क्रय किए गोबर की राशि सहित गौठान समितियों एवं स्व-सहायता समूहों को लाभांश के रूप में कुल 7 करोड़ 80 लाख रूपए की राशि का आॅनलाइन भुगतान किया। गोधन न्याय योजना के तहत अब तक गोबर विक्रेताओं को 96.64 करोड़ तथा गौठान समितियों एवं स्व-सहायता समूहों को लाभांश के रूप 17.55 करोड़ रूपए इस प्रकार कुल 114.19 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है। कार्यक्रम में कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्रकुमार, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, महिला एवं बाल विकास मंत्रीमती अनिला भेंडिया और राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू उपस्थित थे।

 

#छेका अभियान

Source : Agency

पाठको की राय