एमएस धोनी के एक फैसले ने पलट दी थी रोहित शर्मा की किस्मत, ऐसे बने दुनिया के सबसे खतरनाक बैट्समैन
नई दिल्ली
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की गिनती आज दुनिया के सबसे बड़े और विस्फोटक सलामी बल्लेबाजों में होती है। रोहित शर्मा के नाम वनडे क्रिकेट में एक दो नहीं बल्कि पूरे तीन दोहरे शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है, वहीं हिटमैन ने वनडे क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी पारी भी खेली है। रोहित ने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ एक पारी में नाबाद 264 रनों की पारी खेली थी। इस रिकॉर्ड को बने 9 साल हो गए हैं, ना तो इसे अभी तक कोई तोड़ पाया है और ना ही आने वाले समय में ऐसा लग रहा है कि कोई इसे धवस्त कर पाएगा। लेकिन क्या आप जानते हैं रोहित शर्मा को इतना बड़ा खिलाड़ी बनाने में सबसे अहम रोल पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रहा था? जी हां, अगर 2013 में धोनी ने रोहित शर्मा को ओपनिंग बैट्समैन बनने का मौका नहीं दिया होता तो शायद वह आज इतने बड़े खिलाड़ी नहीं बन पाते।
2013 चैंपियंस ट्रॉफी से पहले रोहित शर्मा बतौर लोअर मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज खेलते थे, इस पोजिशन पर उन्होंने कई अहम पारियां खेली, मगर वह इंटरनेशनल स्टेज पर अपनी छाप नहीं छोड़ पा रहे थे। ऐसे में धोनी ने उन्हें इस आईसीसी इवेंट में बतौर ओपनर खिलाने का फैसला किया। धोनी का यह मास्टर स्टोक एकदम सही साबित हुआ और आज इसकी गवाह पूरी दुनिया है।
रोहित शर्मा से पारी का आगाज कराने के लोकर धोनी ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि हमें वो देखना होता है जो दूसरे नहीं देख पाते। रोहित शर्मा इसका सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। वह ओपनर होने की चुनौतियों को समझते हैं। सीमित ओवरों की क्रिकेट में वह वर्तमान में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ओपनर्स में से एक हैं। कई बार आपको हटकर निर्णय करने होते हैं। हमें मालूम है कि रोहित कितने प्रतिभाशाली हैं। हम उन्हें टीम में शामिल करना चाहते थे। ऐसे में उनसे ओपनिंग कराने का विकल्प ही शेष था। ऐसे में हमने उनसे ओपनिंग करवाई।
वहीं पूर्व भारतीय फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने हाल ही में एक खुलासा किया था कि रोहित शर्मा को ओपनिंग बैट्समैन दिनेश कार्तिक की वजह से बनाया गया था। जी हां, चैंपियंस ट्रॉफी से पहले हुए प्रैक्टिस मैच में कार्तिक ने शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्हें मिडिल ऑर्डर में फिट करने के लिए धोनी को रोहित को बतौर सलामी बल्लेबाज उतारना पड़ा था।
उन्होंने कहा, 'ऐसा ही एक फैसला धोनी ने 2013 चैम्पियंस ट्रॉफी के दौरान लिया था। तब रोहित को ओपनिंग भेजा था। दिनेश कार्तिक ने प्रैक्टिस मैच में शानदार बैटिंग की थी, लेकिन रोहित भी फॉर्म में थे। ऐसे में दोनों को प्लेइंग-11 में जगह देने के लिए टीम मैनेजमेंट, खासकर कप्तान धोनी ने रोहित को ओपनिंग में भेजा था। यह एक बेहद शानदार रणनीति रही थी।'
बतौर ओपनर रोहित शर्मा के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 12973 रन दर्ज हैं, इस दौरान उन्होंने कुल 38 बार 100 रन का आंकड़ा भी पार किया। रोहित शर्मा संयुक्त रूप से वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। सचिन और रोहित के नाम 6-6 शतक दर्ज है।

पाठको की राय